करवाचौथ पर इस बार विवाहिताओं को सुंदर दिखने के लिए लाइन में लगना पड़ेगा। ब्यूटी सेंटर्स पर प्री ब्यूटी पैकेज के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी हैं। 27 अक्तूबर को करवाचौथ है। इसके लिए अभी से ब्यूटीपार्लरों पर महिलाओं की भीड़ पहुंने लगी है। वहीं महिलाओं के लिए करवाचौथ पर खास ऑफर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आगे जानें कौन से ब्यूटी पैकेज आपकी खूबसूरती में लगा देंगे चार चांद:-
करवा चौथ 2018: चांद को भी कायल करेगा धुएं और चारकोल का फेशियल, ऐसे दिखें और भी खूबसूरत
अभी से बुकिंग शुरू
करवाचौथ के दिन के लिए मेकअप, हेयर स्टाइल और साड़ी ड्रेपिंग के लिए एडवांस बुकिंग कराई जा रही है। एक हफ्ते पहले से फेशियल, मेनिक्योर, पेडिक्योर, वैक्सिंग, हेयर कट, हेयर कलर, स्पा व पॉलिशिंग के लिए महिलाएं पहुंच रही हैं। ब्यूटी पार्लर संचालकों ने विशेष करवाचौथ पैकेज भी लांच किए हैं। इसमें प्री ब्यूटी पैकेज के साथ करवाचौथ पैकेज पर खास छूट है। सास-बहू, ननद-भाभी और देवरानी-जेठानी पैकेज भी हैं।
धुआं, चारकोल फेशियल एकदम नया
करवाचौथ पर इस बार पार्लरों पर धुआं और चारकोल का कांबो फेशियल एकदम नया है। ऑर्डर पर इस फेशियल को किया जाता है। कीमत 2500 रुपये से प्रारंभ है। चेहरा सुंदर दिखे और जल्दी फेशियल न कराना पड़े इसके लिए ओरिजनल चारकोल को जड़ीबूटियों के साथ मिलाकर फेशियल किया जाता है। इस फेशियल को कपूर, जावित्री, हल्दी, सूखे पान, केसर, गुलाब की पंखुड़ियों का धुआं देते हैं, ताकि सारी जड़ीबूटियां त्वचा में जज्ब हो जाएं। इससे त्वचा निरोगी और सुंदर बनती है।
मेकअप से पहले तैयारी जरूरी
सौंदर्य विशेषज्ञ सारिका जैन बताती हैं मेकअप से पहले त्वचा को साफ करना बहुत जरूरी है। मेकअप से तुरंत पहले क्लीजिंग करते हैं उसी तरह फेशियल, ब्लीच, स्पा, फेसपैक लगाना जरूरी है। मेहंदी, मेकअप, टेमपरेरी टैटू के लिए बुकिंग चल रही हैं। टैटू डिजायनर सईद कहते हैं टेंपरेरी टैटू के लिए बुकिंग है, जबकि पति के नाम का परमानेंट टैटू महिलाएं अभी से बनवा रही हैं। टैटू में पति का नाम, अपना और पति का नाम, दिल, लवबर्ड्स, लवसाइन बनवा रही हैं। ब्यूटी विशेषज्ञ डॉ. रचना पंडित, नविता जैन, रूपसी बिंदल बताती है कि महिलाओं ने इस खास दिन के लिए पहले से बुकिंग करानी शुरू कर दी है। करवाचौथ के बाद अहोई अष्टमी, धनतेरस, दिवाली फिर शादियां एक लंबा सीजन है। मेनिक्योर-पेडिक्योर में मिल्क फ्लेवर अधिक पसंद किया जा रहा है।
पार्लर में हर तरह के डिस्काउंट ऑफर
ब्यूटी पार्लर पर कम और ज्यादा दोनों रेंज के ब्यूटी ऑफर हैं। फेशियल के साथ ब्लीच, आइब्रो, अपर लिप्स फ्री। हेयर कलर के साथ ट्रिमिंग फ्री। फेशियल के साथ मेनिक्योर फ्री। मेनिक्योर-पेडिक्योर के साथ मेंहदी फ्री ऐसे पैकेज हैं। साथ ही 5000 रुपये का पैकेज लेने पर 500 रुपये वाला फेशियल फ्री। प्री ब्यूटी पैकेज के साथ करवाचौथ के दिन मेकअप फ्री। मेकअप में वाटर रिजेज्टेंस मेकअप, लंबे समय तक चलने वाला मेकअप, एयर ब्रश मेकअप अधिक बुक कराया जा रहा है। विवाहिताएं पूरा दुल्हन की तरह सजने के लिए फुल मेकअप पैकेज ले रही हैं। ब्यूटी पैकेज की शुरुआत 2 हजार रुपये से 15 हजार तक है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/