मेरठ में बवाल के बाद इंटरनेट की सेवाएं बंद, तनाव के चलते शहर में भारी फोर्स तैनात
मेरठ में भारी बवाल के बाद पूरे शहर की इंटरनेट सेवाएं तेरह घंटे के लिए बंद कर दी गई है। शहर में तनाव के चलते बुधवार रात नौ बजे से गुरुवार सुबह 10 बजे तक के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद की गई है। वहीं पूरे शहर में पुलिस और आरएएफ तैनात की गई है।
इंटरनेट सेवाएं बंद
मेरठ में माहौल को देखते हुए बुधवार रात नौ बजे से गुरुवार सुबह 10 बजे तक डीएम अनिल ढींगरा के आदेश से सभी मोबाइल कंपनियों की इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई।
जानिए पूरा मामला-
मेरठ में सदर बाजार थानाक्षेत्र के भूसा मंडी में अवैध निर्माण तोड़ने को लेकर बुधवार को बवाल हो गया। भीड़ ने पुलिस से वायरलेस सेट, मोबाइल और असलहे तक छीन लिए। एसओ सदर और कैंट बोर्ड के अधिकारी भी पथराव में घायल हो गए। इस दौरान धार्मिक स्थल समेत करीब 200 झुग्गी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। वहीं धमाके के साथ कई सिलिंडर फटने से आग और भयावह हो गई। गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। दिल्ली रोड पर रोडवेज बसों और निजी वाहनों में तोड़फोड़ व लूटपाट की।
अराजकता का माहौल होने पर केसरगंज से रेलवे रोड चौराहे और घंटाघर तक दुकानों में शटर गिरने लगे। शहर में दंगे की अफवाह फैल गई। डीएम और एसएसपी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को कंट्रोल किया जा सका। हालांकि देर रात तक दमकल कर्मी आग को बुझाने में जुटे थे।
एसएसपी नितिन तिवारी के मुताबिक कैंट बोर्ड की टीम और सदर थाना पुलिस भूसा मंडी में इकराम का अवैध रूप से बनाया गया मकान तोड़ने गई थी। कार्रवाई हो चुकी थी। इसी दौरान एक दर्जन महिलाओं ने पुलिस व कैंट बोर्ड की टीम का विरोध किया। पथराव के साथ सदर थाने के फैंटम सिपाही सतेंद्र कुमार से मारपीट कर वायरलेस सेट, मोबाइल और असलहा छीन लिया। इसकी जानकारी लगने पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सिपाही से लूटपाट करने के आरोप में सात लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने लाठी फटकारकर भीड़ को खदेड़ दिया। उस समय मामला शांत हो गया था। लेकिन करीब दस मिनट बाद फिर से भीड़ ने हंगामा करते पुलिस और कैंट बोर्ड की टीम से मारपीट करते पथराव कर दिया।
आरोप लगाया कि पुलिस ने भूसा मंडी स्थित एक धार्मिक स्थल में आग लगा दी। जिससे आग फैल गई और एक-एक करके करीब 200 झुग्गी झोपड़ियां धू-धूकर जलने लगीं। आग मछेरान तक फैल गई।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/