अपराध से कैसे लड़ेगी पुलिस : यूपी के बागपत में पिस्टल तक न खोल पाई दरोगा, एडीजी ने जताई नाराजगी
एडीजी ने सबसे पहले पुलिस लाइन पहुंचकर परेड की सलामी ली। इसके बाद परेड का निरीक्षण किया।एडीजी ने सक्रिय अपराधियों, माफियाओं, इनामी बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एडीजी राजीव सभरवाल सोमवार को जिले में वार्षिक निरीक्षण के लिए पहुंचे। बागपत कोतवाली में निरीक्षण के दौरान एसएसआई के साथ महिला और पुरूष दरोगा से पिस्टल खुलवाकर देखी। महिला दरोगा पिस्टल नहीं खोल पाई। जिस पर एडीजी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अभ्यास करने की हिदायत दी।
एडीजी ने सबसे पहले पुलिस लाइन पहुंचकर परेड की सलामी ली। इसके बाद परेड का निरीक्षण किया। डायल-112 की गाड़ियों, क्वार्टर गार्ड, कर्मचारी बैरिक, मैस आदि का भी निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए। पुलिस लाइन सभागार में अपराध की समीक्षा की। इस दौरान एसपी अभिषेक सिंह, एएसपी मनीष कुमार मिश्र, सभी सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।
एडीजी ने सक्रिय अपराधियों, माफियाओं, इनामी बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए। कहा कि गैंगस्टर एक्ट में, गंभीर अपराधों में और पॉक्सो एक्ट में लंबित मामलों में आरोपियों को शत-प्रतिशत सजा दिलाई जाए। अभियोजन अधिकारियों के साथ भी बैठक की। इसके बाद पुलिस पेंशनरों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दिए।
पुलिस कार्यालय में सभी शाखाओं में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव आदि का निरीक्षण किया। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। बाद में बागपत कोतवाली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाने की साफ-सफाई, अभिलेखों का रख-रखाव दुरूस्त करने को कहा।
लंबित पड़े मामलों एवं वांछित चल रहे अपराधियों, इनामी अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा की। असलाह कक्ष का भी निरीक्षण किया। कोविड-19 हेल्प डेस्क निरीक्षण करते हुए संक्रमण से पुलिसकर्मियों के बचाव को दिशा-निर्देश दिए।
एडीजी से मिली दुष्कर्म पीड़िता, मेरठ आफिस बुलाया
बागपत कोतवाली क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़िता परिजनों के साथ एडीजी से मिली। तब एडीजी मेरठ के लिए रवाना होने को गाड़ी में बैठ चुके थे। पुलिसकर्मियों ने पीड़िता और उसके परिजनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह गाड़ी तक पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की ओर से किए जा रहे उत्पीड़न की जानकारी दी।
महिला दरोगा पर मोबाइल छीनने के प्रयास का आरोप लगाते हुए वीडियो भी दिखाई, जिस पर एडीजी ने उन्हें मंगलवार को मेरठ बुलाया है। इस मामले में एडीजी के आदेश पर दुष्कर्म के आरोपी और एक दरोगा व महिला सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को जेल भेज दिया था, जबकि दरोगा और महिला सिपाही को बचाते हुए मामला रफा-दफा कर दिया था।