मंडप में हर्ष फायरिंग, किशोर की मौत से परिवार में कोहराम, मां बेहोश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ शहर में तमाम आदेशों के बावजूद विवाह मंडपों में हर्ष फायरिंग नहीं रुक रही है। शनिवार शाम कंकरखेड़ा के विवाह मंडप में फायरिंग में एक छात्र की गोली लगने से मौत हो गई। मौत का कारण परिजनों से छिपाया गया। पता चलने पर परिवार में कोहराम मच गया और मां बेहोश हो गई।
वहीं रविवार सुबह अंतिम संस्कार से पहले नहलाने के दौरान पीठ पर गोली का निशान मिलने पर परिजनों में आक्रोश फैल गया। किशोर का शव लावड़-मसूरी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला टंकियान कस्बा लावड़ निवासी सतीश मजदूरी करता है। उसका 14 वर्षीय पुत्र प्रशांत कक्षा सात का छात्र था। जो खाली समय में शादियों में आतिशबाजी का काम करने ठेकेदार के साथ जाता था। शनिवार को चिंदौड़ी गांव से कंकरखेड़ा बारात गई थी। जिसमें प्रशांत आतिशबाजी के लिए एनके फार्म हाउस (विवाह मंडप) में गया था।
सतीश ने बताया कि शनिवार शाम मंडप से फोन आया था कि प्रशांत की मौत हो गई। जब मैं वहां पहुंचा तो बताया गया कि प्रशांत को अचानक खून की उल्टी हो गई थी। उनकी बात मानकर वह शव को घर ले आया था। रविवार सुबह करीब नौ बजे अंतिम संस्कार से पहले नहलाते समय प्रशांत की पीठ पर गोली का निशान देखा। जिसे छिपाने के लिए छेद में रुई भरी हुई थी।
पढ़ें : घुड़चढ़ी में हर्ष फायरिंग, सात बच्चे घायल, दो को किया दिल्ली रेफर
पिता बोला, प्रशांत की हत्या हुई
गोली का निशान देखकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने लावड़-मसूरी मार्ग पर प्रशांत का शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर सीओ सदर देहात विजय प्रकाश और एसओ इंचौली पहुंचे। पिता सतीश ने कहा कि उसके बेटे की हत्या हुई है। इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच नोकझोंक और धक्कामुक्की हो गई। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
आश्वासन पर माने
करीब दो घंटे तक जाम लगने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सीओ ने पुलिस फोर्स को लाठीचार्ज के निर्देश दिए तो परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर मान गए और जाम खोल दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चार नामजद, एक गिरफ्तार
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा दीपक शर्मा के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रशांत को गोली लगी थी। पुलिस के अनुसार फायरिंग के दौरान गोली ऊपर किसी चीज से टकराकर वापस आई और प्रशांत के कंधे से होकर पीठ के पार हो गई। सतीश की तहरीर पर चिंदौड़ी गांव निवासी आतिशबाजी ठेकेदार बिट्टू, वीरू गुप्ता, दूल्हा जगपाल निवासी चिंदौड़ी और मंडप मालिक समेत कई अज्ञात के खिलाफ हत्या और एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
पढ़ें : हथियार लहराते हुए डांस... शराब के नशे में फायरिंग, बच्चे की मौत से तनाव
मां बेहोश, घर में मचा कोहराम
प्रशांत की मौत से घर में कोहराम मच गया। प्रशांत घर में सबसे छोटा था। बड़ा भाई अभिषेक है। तीन बहनों की शादी हो चुकी है। मां श्यामो और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
कब रुकेगी हर्ष फायरिंग
02 दिसंबर: लिसाड़ीगेट के फलक पैलेस में हर्ष फायरिंग को लेकर बखेड़ा
18 सितंबर: गंगानगर में बर्थडे पार्टी में किशोरी को गोली लगी
17 सितंबर: खैरनगर में घुड़चढ़ी में गोली चलने से छात्र की मौत, हत्या का केस
5 सितंबर: परीक्षतगढ़ के बली गांव में डीजे पर डांस के दौरान दो युवकों को गोली लगी
09 मार्च: फलावदा के नेडू गांव में रागिनी कलाकार जोगेंद्र को गोली लगने से मौत
मोर्चरी पर हंगामा, आंदोलन की चेतावनी
छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री रवि प्रकाश भी समर्थकों के साथ मोर्चरी पहुंच गए। और हंगामा कर कर दिया। सीओ दौराला पंकज कुमार और इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने लोगों को शांत कराया। रवि प्रकाश ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पूरे मामले को दबाने की कोशिश की। अंतिम संस्कार से पहले जब नहलाने की तैयारी की गई तो पता चला कि गोली के निशान पर टेप लगाकर रूई भरी हुई थी। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस अफसरों को सूचना दी। यदि आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए और आर्थिक सहायता नहीं मिली तो आंदोलन किया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/