मेरठ में टली बड़ी वारदात : कोर्ट में महिला की हत्या की साजिश नाकाम, चार बदमाश हथियारों समेत गिरफ्तार
रुड़की कोर्ट में पेशी पर आई महिला की हत्या की साजिश रचने पहुंचे मेरठ के चार बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपियों के पास से पिस्तौल, तमंचा और कारतूस बरामद हुए, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
विस्तार
हरिद्वार के रुड़की कोर्ट परिसर में बुधवार को बड़ी वारदात टल गई। हत्या के एक मामले की वादी महिला को पेशी के दौरान मौत के घाट उतारने की साजिश रच रहे चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी मेरठ के रहने वाले हैं।
सीआईयू रुड़की और गंगनहर कोतवाली पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपियों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से पिस्तौल, तमंचा और कई कारतूस बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: MSME for Bharat: मेरठ के उद्योगों को पंख लगाने के लिए शुरू हुआ मंथन, चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा
घटना उस समय सामने आई जब कनखल निवासी महिला कोर्ट में पेशी पर आई थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक हथियारों के साथ कोर्ट परिसर में वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर टीम ने कोर्ट गेट के बाहर चेकिंग की और घेराबंदी कर तीन युवकों को दबोच लिया। माधोपुर अंडरपास से एक और आरोपी पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मणिकांत शर्मा निवासी फिटकरी मवाना थाना इंचौली मेरठ, हर्षदीप मलिक और राजकुमार निवासी राहवती थाना बहसूमा जिला मेरठ तथा अनुज निवासी झिझाड़पुर फलावदा मेरठ के रूप में हुई।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पुलिस की सतर्कता से महिला की हत्या की साजिश नाकाम हो गई। फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।