पूर्व मंत्री याकूब की चाबुक वाली बेटी पर लगेगा गुंडा एक्ट! दो और धरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ पब्लिक गर्ल्स स्कूल में घुसकर छात्राओं, शिक्षिकाओं की हंटर से पिटाई और गुंडागर्दी के मामले में पुलिस ने दो ओर लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी मंजिल सैनी ने कहा कि हंटर वाली महिला की हर हाल में गिरफ्तारी होगी। कोर्ट से गैर जमानती वारंट मांगा गया है। पुलिस को सहयोग नहीं करने के लिए एसएसपी ने स्कूल को नोटिस जारी है। एसएसपी के मुताबिक आरोपियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई होगी।
एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि जो सीसीटीवी फुटेज मिली है उसमें एक महिला कुछ महिलाओं और लड़कों के साथ एमपीजीएस में घुस रही है। उसके हाथ में हंटर जैसी कोई चीज है। पीड़ित छात्रा के परिवार और स्कूल की तरफ से मुकदमा लिखाया गया है। सभी आरोपी को अज्ञात बताया गया है। सीसीटीवी फुटेज देखकर महिला की पहचान हो गई है। सभी आरोपी पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के परिवार से हैं। हंटर लेकर स्कूल में गई महिला याकूब कुरैशी की बेटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट मांगा गया है। बुधवार को भी पुलिस ने लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के रशिदनगर में दबिश देकर तनवीर आजम पुत्र हसमुद्दीन और विकासपुरी निवासी शहजाद पुत्र नसीरूद्दीन को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ में भी कई और नामों की पुष्टि हुई है।
गुंडा गर्दी की है, गुंडा एक्ट भी लगेगा
मंगलवार को भी पुलिस ने दबिश देकर एक नाबालिग सहित चार की गिरफ्तारी की थी। जिसमें से तीन जेल जा चुके हैं। एसएसपी के अनुसार इस मामले में पीड़ित पक्ष और स्कूल प्रशासन दोनों की ओर से ही उपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा था । सहयोग न करने पर स्कूल प्रशासन को नोटिस जारी किया गया है।
एसएसपी ने कहा कि छात्राओं के स्कूल में युवकों को लेकर घुसना ,मारपीट और बदसलूकी करना बेहद गंभीर मामला है। इस तरह की गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी। इस मामले को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है और इसमें गुंडा एक्ट में भी कार्रवाई होगी। मंजिल सैनी ने बताया कि स्कूलों की सुरक्षा के लिए पुलिस गंभीर है, जल्द ही स्कूलों की सुरक्षा के लिए प्रधानाचार्यों की बैठक बुलाई जाएगी।
दोनों आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों तनवीर और शहजाद को बुधवार को न्यायालय सीजेएम तबरेज अहमद की अदालत में पेश किया। न्यायालय के समक्ष दोनों आरोपियों की ओर से जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया। न्यायालय ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए दोनों के जमानत प्रार्थनापत्रों को खारिज कर दिया। दोनों आरोपियों की पेशी के समय न्यायालय में काफी संख्या में लोग मौजूद थे। जिसके चलते न्यायालय ने सभी लोगों को अदालत से बाहर निकाले जाने के निर्देश दिए। उसके बाद ही न्यायालय ने जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई की।
आरोपियों के बचाव के रास्ते बंद कर रही पुलिस
स्कूल का ये चर्चित मामला शासन तक पहुंच चुका है। भाजपाइयों ने ट्विटर और अन्य माध्यमों से ये मामला सीएम तक भी पहुंचा दिया है। लिहाजा पुलिस भी अब इस मामले में कोई चूक नहीं करना चाहती। सूत्रों के अनुसार पुलिस को अंदर खाने इस बात की सूचना मिल रही थी कि पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस को आशंका थी कि कहीं पीड़ित पक्ष दबाव में कमजोर ना पड़ जाए, इसी वजह से पुलिस ने मंगलवार को स्कूल प्रशासन की तहरीर आते ही तुरंत एक ओर मुकदमा दर्ज कर लिया और उच्चाधिकारियों और शासन में बात करने के बाद ही रात को ही पूर्व मंत्री के यहां दबिश दी गई । तीनों आरोपियों को रातों रात कोर्ट पेश किया गया और जेल भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने स्कूल की तहरीर पर अलग मुकदमा इसलिए लिखा कि पीड़ित पक्ष द्वारा सुलह करने के बाद भी स्कूल प्रशासन के मुकदमे पर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो सके और आरोपी पक्ष के लिए बचाव की कोई गुंजाइश ना रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/