Lok Sabha Election: मायावती ने मंच से किया बड़ा एलान, दलितों को न बंटने का दिया संदेश, इस अंदाज में आईं नजर
Lok Sabha Election 2024 : मेरठ में जनसभा से पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मंच से बड़ा एलान किया है। साथ ही दलितों को न बंटने का संदेश भी दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो एवं यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती मेरठ में हापुड़ रोड पर चुनावी रैली में अपने चिरपरिचित अंदाज में नजर आईं। उन्होंने लोकसभा सीटों पर टिकट वितरण में सर्वजन हिताय का संदेश देकर सभी को साथ लेकर चलने की बात कही। दलितों को किसी भी कीमत पर न बंटने और मुस्लिमों को अपने साथ जोड़ने के लिए उनके सम्मान की लड़ाई लड़ने का संदेश दिया।
मायावती ने अपने कोर वोट बैंक को साधने के लिए भाजपा, कांग्रेस, सपा समेत सभी विपक्षी दलों को दलित विरोधी बताया। भाजपा पर संविधान के साथ छेड़छाड़ और आरक्षण खत्म करने के आरोप लगाए। वहीं, सपा को दलित और मुस्लिमों का घोर विरोधी बताकर दलित मतों के बिखराव को रोकने व मुस्लिमों को बसपा से जोड़ने का काम किया। उन्होंने पश्चिम उप्र के गन्ना किसानों को भी उनकी फसल का वाजिब दाम दिलाने की बात कही।
मायावती ने अपने भाषण की शुरुआत सर्वसमाज के नेताओं को टिकट देने की बात से की। उन्होंने मेरठ सीट से बसपा प्रत्याशी देवव्रत त्यागी के अलावा जाट, प्रजापति, वैश्य, ब्राह्मण सभी के टिकट गिनाए। कहा कि अकेले चुनाव लड़कर बसपा का अच्छा परिणाम आएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। जिसका खुलासा बॉड में हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने पश्चिम उप्र बनाने के साथ-साथ मेरठ में हाईकोर्ट बेंच बनाने का वादा किया। इसके लिए जनता से बसपा को केंद्र तक पहुंचाने की मांग की। दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और समान्य वर्ग के गरीबों को स्थाई रोजगार दिलाने की बात कहकर इनके दर्द पर मरहम लगाने का काम किया। पश्चिम उप्र के गन्ना किसानों के दर्द को भी उठाया। साथ ही कहा कि अगर जनता ने बसपा को केंद्र में सरकार बनाने का अवसर दिया तो किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पहले केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही। गलत नीतियों के कारण जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया। अब भाजपा की केंद्र में सरकार दलित, अतिपिछड़े, मुस्लिम अल्पसंख्यक, सामान्य वर्ग के गरीब विरोधी सरकार है। सरकार झूठे वादे करके जनता का उत्पीड़न और अत्याचार कर रही है। इस बार भाजपा का भी केंद्र तक पहुंचना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को दो वक्त का सरकारी राशन देकर उनका असली रोजगार का अधिकार छीन रही है। विपक्षी दल अपने चुनावी घोषणा पत्र में झूठे वादे करके जनता को गुमराह करते हैं। जबकि बसपा ने कभी चुनावी घोषणा पत्र जारी नहीं किया। सरकार बनने पर जनता हित में अच्छे कार्य करने का इतिहास रचा है। उन्होंने उप्र में अपनी पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में किए गए कार्यों को भी गिनाया। बसपा समाज के महापुरुष ज्योतिबा फूले, छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. आंबेडकर, कांशीराम के अधूरे सपनों को पूरा करने का काम किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: CM Yogi Road Show Meerut: सीएम योगी का रोड शो शुरू, झलक पाने को बेताब दिखे लोग, कड़े सुरक्षा इंतजाम
संविधान बचाएंगे और कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण दिलाएंगे
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा बाबा साहब का संविधान बदलने की तैयारी कर रही है, लेकिन हम किसी भी कीमत पर संविधान से छेड़छाड़ नहीं होने देंगे। उन्होंने उन कर्मचारियों के घावों पर भी मरहम लगाने का प्रयास किया जिनको पदोन्नति में आरक्षण का लाभ मिलना बंद हो गया है। ऐसे सरकारी कर्मचारी अधिकारियों को आरक्षण दिलाया जाएगा। भाजपा सरकार ने एससी-एसटी ही नहीं बल्कि ओबीसी के आरक्षण पर भी कुठाराघात किया है।
यह भी पढ़ें: Mayawati Rally: हाजी याकूब ने मायावती को भेंट किया सोने का मुकुट, नारों से गूंज उठा मैदान, देखें तस्वीरें