प्राॅपर्टी के विवाद में रचा अपहरण का नाटक, घंटों दौड़ती रही पुलिस, लावारिस कार मिलने पर हड़कंप
- प्रॉपर्टी के कमीशन के विवाद में रचा गया था अपहरण का नाटक
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में नगीना देहात थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के अपहरण की खबर से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सूचना मिलते ही नाकाबंदी की। लावारिस कार मिलने के बाद पुलिस के हाथ पैर फूल गए। घंटों तलाश करने के बाद व्यक्ति सकुशल मिल गया। पूछताछ में उसने बताया कि प्रॉपर्टी में कमीशन के विवाद में उसने खुद के अपहरण का नाटक रचा था।
नगीना देहात थाना क्षेत्र के गांव बनीगणेश क्षेत्र में तालाब से मछली पकड़ रहे युवकों ने एक कार लावारिस खड़ी होने तथा कार चालक को कुछ व्यक्तियों द्वारा जबरन दूसरी कार में डालकर ले जाने की सूचना नगीना देहात पुलिस को दी।
अपहरण की सूचना मिलते ही नगीना देहात के थानाध्यक्ष उदय प्रताप पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। उन्हें आई-20 लावारिस कार मिली। कार से पुलिस को एक पत्र मिला जिसमें सुशील कुमार चौधरी के साथ प्रॉपर्टी में कमीशन पर काम करने और उससे जान का खतरा होने की बात लिखी थी।
पुलिस ने पत्र के आधार पर अपहरण के मामले को गंभीरता से लेकर क्षेत्र में व्यक्ति को तलाशा। पुलिस के हत्थे एक व्यक्ति लगा। थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने उस समय राहत की सांस ली जब पकड़े गए व्यक्ति ने खुद को नजीबाबाद निवासी लोकेश बताते हुए प्रॉपर्टी में कमीशन के दौरान अपहरण का नाटक रचने की जानकारी दी।
पकड़े गए व्यक्ति ने बताया कि वह अपने एक दोस्त की आई-20 कार लेकर आया था। दूसरी कार में उसके अन्य साथी सवार थे। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति से बरामद कार को सीज करते हुए उसका चालान कर दिया। उसके साथियों की पुलिस तलाश में जुटी है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/