मुजफ्फरनगर: मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश घायल, दवा विक्रेता हत्या में था वांछित
- बदमाश के कब्जे से बिना नंबर की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद
- थाना भोपा क्षेत्र के दवा विक्रेता अनुज और दौराला के कुलदीप की हत्या में है वांछित
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से 50 हजार का इनामी बदमाश राहुल घायल हो गया। इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी अनिल कुमार भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाश व पुलिसकर्मी को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है।
बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर मंगलवार को बायवाला पुलिस चौकी के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इंस्पेक्टर मगनवीर सिंह गिल को उनके मोबाइल फोन पर वांछित व 50 हजार के इनामी बदमाश राहुल के वहां से गुजरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर भी पुलिस बल के साथ बायवाला पुलिस चौकी पर चेकिंग स्थान पर पहुंच गए।
बड़ौत की ओर से आ रहे बाइक सवार बदमाश ने पुलिस बल को सामने देखकर अपनी बाइक मेरठ-करनाल हाईवे पर मेरठ की ओर दौड़ा दी। बिटावदा गांव से आगे जाकर बाइक सवार बदमाश ने ढाबे के पास से खेतों में जाने वाले रास्ते पर अपनी बाइक मोड़ ली। कच्चे रास्ते पर तेज गति से दौड़ रही बाइक फिसलकर गिर गई। इसी दौरान पुलिस भी पीछा करती हुई मौके पर पहुंच गई।
सूचना मिलते ही सीओ फुगाना राम मोहन शर्मा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस पर फायर करते हुए बदमाश ने भागने का प्रयास किया। पुलिस के जवाबी फायर से पैर में गोली लगने से बदमाश घायल होकर गिर गया। पुलिस व बदमाश के बीच फायरिंग में कांस्टेबल अनिल कुमार भी दाहिने हाथ में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए बदमाश के कब्जे से पुलिस ने बिना नंबर की बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किए। घायल बदमाश व पुलिसकर्मी को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश भोपा थाना क्षेत्र के गांव भेड़ाहेड़ी निवासी राहुल पुत्र राजपाल है। दवा विक्रेता अनुज हत्याकांड में वह वांछित चल रहा है। भोपा थाने से राहुल पर 25 हजार का इनाम घोषित है।
उन्होंने बताया कि बदमाश राहुल मेरठ जनपद के थाना दौराला में हुई कुलदीप की हत्या के मामले में भी वांछित चल रहा है। थाना दौराला से भी उस पर 25 हजार का इनाम घोषित है। पुलिस ने बताया कि भोपा थाने में उसके खिलाफ लूट व हत्या के मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/