बागपत में फैक्टरी मालिक की गोलियों से भूनकर हत्या, वारदात को अंजाम देकर दंपती फरार
बागपत में कोतवाली क्षेत्र के बिनौली रोड पर स्थित केमिकल फैक्ट्री मालिक की फैक्ट्री परिसर में ही यहां काम करने वाले दंपती ने गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों और आसपास के लोगों को कई घंटे बाद वारदात की जानकारी मिली। आरोपी दंपती वारदात के बाद फरार हो गया।
सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाहा का कहना है कि फैक्ट्री में काम करने वाले दंपती की तलाश की जा रही है। फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले दंपती ने ही किसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।
बड़ौत के आदर्शनगर निवासी अक्षय सोलंकी (45) की बिनौली रोड पर वॉशरूम क्लीनर बनाने की फैक्ट्री है। अक्षय सोलंकी बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से फैक्ट्री गया, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजन उसे तलाशते हुए फैक्ट्री पहुंचे। फैक्ट्री में अक्षय की खून से लथपथ लाश मिली। हत्या की जानकारी मिलने पर पुलिस और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाह मौके पर पहुंचे।
सीओ ने बताया कि चार गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक के भाई विनीत ने फैक्ट्री में काम करने वाले बड़ौत के सदाशिव गौड़ और उसकी पत्नी ममता के खिलाफ हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
एएसपी रण विजय सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। दंपति को जल्द ही गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। लेन-देन का विवाद माना जा रहा है। दंपती फैक्ट्री में ही रहता था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/