शहर में सनसनीखेज वारदात, पुलिस कर रही हवाई दावे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुटखा व्यापारी के गोदाम पर डकैती के बाद हत्या के मामले में पुलिस हवाई दावे कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और जांच पड़ताल के आधार पर पुलिस का दावा है कि वारदात को ब्रह्मपुरी के गैंग ने अंजाम दिया है। गैंग में कुछ बदमाश बाहरी भी माने जा रहे हैं। पुलिस ने आठ संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले रखा है, जिनसे पूछताछ चल रही है। लेकिन वारदात के दो दिन बाद भी पुलिस अभी तक पूरी तरह से स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाई है कि बदमाश कौन थे और वारदात के पीछे उनका असल मकसद क्या था।
बदमाशों ने जिस तरह से घटना की, उससे साफ है कि बदमाशों के पास फुलप्रूफ प्लान था। वह वारदात से दो घंटे पहले ही गुटखा व्यापारी के गोदाम की गली में पहुंच गए थे। सात बजे वारदात की। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि बदमाशों ने करीब दो घंटे तक इंतजार क्यों किया। पुलिस अभी यह बताने की स्थिति में नहीं है कि बदमाशों का असल टारगेट क्या था। वहीं, पुलिस अभी तक इसकी कड़ी भी नहीं जोड़ पाई है कि बदमाशों ने किन हालात में गोलियां चलाईं थीं। क्योंकि वारदात के बाद से इस बात को लेकर विरोधाभास की स्थिति बनी है।
गैंग का नाम तो बताओ
पुलिस ने वारदात में ब्रह्मपुरी के गैंग होने का दावा तो कर दिया। लेकिन खुद अभी उसे पता नहीं है कि गैंग कौन सा है। शुक्रवार से आठ संदिग्ध युवकों और ब्रह्मपुरी के मोहित उर्फ कालू से ही पूछताछ करने में जुटी है। लेकिन नतीजा सिफर है। पुलिस का दावा है कि वारदात में शामिल एक बदमाश का चेहरा मोहित से मिलता है। वारदात में प्रयुक्त एक सफेद रंग की अपाचे बाइक भी थी। ऐसी ही बाइक मोहित से मिली है। मोहित पर पहले कई आपराधिक मामले हैं। पुलिस ने मोहित के तीन दोस्त भी उठाए हैं। लेकिन वे भी मोहित की तरह वारदात में शामिल होने से इंकार कर रहे हैं।
डीजीपी ने मांगी रिपोर्ट
शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के मेरठ आने के बाद मामला लखनऊ और दिल्ली तक गूंजने के बाद डीजीपी जावीद अहमद और एडीजी दलजीत चौधरी ने एसएसपी से रिपोर्ट मांगी है। एसएसपी जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि एसटीएफ, क्राइम ब्रांच और पुलिस की तीन टीमें खुलासे में लगी हैं। जल्द सफलता मिलेगी।