यूपी: लालच देकर लगाया लाखों का चूना, अब सवालों के घेरे में नोएडा की बाइक कंपनी
मेरठ शहर में किराए पर बाइक चलवाने वाली नोएडा की एक कंपनी ने लोगों को लाखों रुपये का चूना लगा दिया है। 1.86 लाख लेकर 35 हजार रुपये महीने देने वाली कंपनी दो महीने से लोगों के पैसे नहीं दे रही है। जिस पर लोगों में बेचैनी बढ़ने लगी है। लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की है। इस मामले में अधिकारी भी जांच कराने की बात कह रहे हैं।
शहर में एक कंपनी के नाम से किराये पर बाइक चल रही हैं। दस रुपये प्रति किमी के हिसाब से कंपनी पैसा लेती है। इस कंपनी में बाइक लगाने की लोगों में होड़ लगी थी। व्यापारी, पार्षद, नेता और रसूखदारों ने इस कंपनी में कई-कई बाइक लगाई हैं। इस कंपनी में किराये पर बाइक लगाने वालों का कहना है कि दो महीने से कंपनी पैसा नहीं दे रही है। कंपनी के डायरेक्टर व मैनेजर को फोन किया गया। लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रह है। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि कंपनी में लोगों को पैसा फंस गया है। बीते मंगलवार को एक व्यापारी और पार्षद ने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की है। बताया गया कि इस कंपनी में लोगों के लाखों रुपये लगे है।
मोटा मुनाफा देकर फंसे लोग
एक व्यापारी ने बताया कि कंपनी में उनकी तीन और उसके दोस्त की सात बाइक लगी हैं। कंपनी 1.86 लाख रुपये बाइक के नाम पर जमा करने पर 35 हजार रुपये माह के हिसाब से अकाउंट में भेज रही थी। वहीं, सिविल लाइन क्षेत्र के एक पार्षद ने बताया कि उसने 15 बाइक कंपनी के जरिये किराये पर लगा रखी हैं। जिनका पैसा कंपनी हर महीने देती थी। पिछले दो महीने से पैसा वापस नहीं आ रहा है। कंपनी में पैसा जमा करने वाले लोगों ने बताया कि उनका एग्रीमेंट हुआ था। एग्रीमेंट के हिसाब से पैसा नहीं आ रहा। इसको लेकर अब वह कंपनी पर केस दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/