मेरठ: सीसीटीवी में कैद हुए बैटरी चोर, लग्जरी कार से करते हैं चोरी, तलाश में जुटी पुलिस
मेरठ में गढ़ रोड पर गुरुवार आधी रात के बाद चोरों ने धावा बोल दिया। कई विवाह मंडपों के बाहर खड़े जेनरेटरों से छह बैटरी और अन्य सामान चोरी कर लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। व्यापारियों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और खानापूर्ति कर लौट गई।
वैशाली कॉलोनी निवासी गिरीश मित्तल का गढ़ रोड पर राजा रानी नाम से मंडप है। गुरुवार आधी रात करीब 3:35 बजे दो बदमाश मंडप के बाहर पहुंचे। उन्होंने दो जेनरेटरों से बैटरी चोरी कीं और फिर कार में बैठकर फरार हो गए। सुबह मंडप कर्मचारियों ने गिरीश मित्तल को सूचित किया। कुछ ही देर में काफी व्यापारी एकत्र हो गए। नौचंदी थाने की पुलिस भी आ गई। अभी पुलिस तफ्तीश में जुटी ही थी कि तभी कुछ लोगों ने बताया कि रात में नई सड़क सम्राट हैवेंस के बाहर खड़े जेनरेटरों से भी बैटरी चोरी हो गई हैं।
इसके अलावा एक दो घटना होने की और सूचना मिली है। अन्य सामान भी चोरी हुआ है। सीओ सिविल लाइन हरिमोहन सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हुई है। व्यापारी की ओर से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
यह भी पढ़ें: शादी वाले घर में 15 लाख की चोरी, आरोपियों ने सटीक रैकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
काफी समय से सक्रिय सफेद कार
बैटरी चोरी करने के बाद बदमाश सफेद कार में बैठकर फरार हुए। यह कार पिछले करीब छह माह से नौचंदी क्षेत्र में देखी जा रही है। रात के अंधेरे का लाभ उठाकर चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। शास्त्रीनगर गुरुद्वारे के बाहर लगी स्ट्रीट लाइट की बैटरी भी यह गिरोह चुरा चुका है, लेकिन पुलिस आज तक इनका कोई सुराग नहीं लगा सकी है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/