शादी का फर्जी नाटक, फुफेरे भाई ने ठगे 4.50 लाख रुपये, ऐसे हुआ खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फर्जी रिश्ता, फर्जी दूल्हे का खुलासा उस समय हुआ जब बरात आने से एक दिन पूर्व फर्जी दूल्हे ने अपना मोबाइल ऑफ कर लिया। मंडावली थाना क्षेत्र में लड़की के फुफेरे भाई ने ही करीब 4.50 लाख रुपये शादी के नाम पर ठग कर शादी का नाटक रचा।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव मोहनपुर उर्फ हसनपुर में एक दिन के अंतराल से भाई-बहन की शादी थी। भाई की शादी की खुशियां उस समय काफूर हो गईं जब बहन की बरात न आने की परिजनों को सूचना मिली। हसनपुर निवासी बाबू के पुत्र मो. फरमान की शादी के तुरंत बाद उसकी बहन की बरात 29 मार्च को आनी थी। रिश्ता कांठपुर निवासी लड़की के फुफेरे भाई मुराद अली ने ज्वालापुर के फैसल नाम के युवक से कराया था। मुराद अली ने शादी के नाम पर बाबू से रिश्ते की रस्मों और होटल बुक कराने के नाम पर करीब 4.5 लाख रुपये ले लिया। मुराद अली ने जिस युवक फैसल को परिवार के सदस्यों से मिलवाया उस युवक ने कहा कि उनके यहां शादी की अन्य रस्मे नहीं होती, सीधी बरात आती है। बाबू का परिवार झांसे में आ गया।
बताया जाता है कि परिवार में लड़के की शादी होने के कारण व्यस्त लड़की पक्ष फोन पर फैसल नाम के लड़के से बातचीत करता रहा। 28 मार्च को जब लड़की पक्ष ने बरात आने के संबंध में दूल्हा फैसल से संपर्क किया तो उसका लगातार मोबाइल ऑफ आया। तुरंत परिजनों ने रिश्ता कराने वाले मुराद अली से संपर्क किया। मुराद अली के हसनपुर पहुंचते ही लड़की पक्ष ने उसके साथ सख्ती से पूछताछ की तो उसने नगदी ऐंठने की नीयत से शादी का फर्जी नाटक करने की बात स्वीकार कर ली। परिजनों ने ठग मुराद अली को मंडावली पुलिस के हवाले कर दिया।
लड़की के पिता बाबू ने मुराद अली के खिलाफ धोखाधड़ी और शादी का फर्जी नाटक कर लाखों रुपये वसूलने की तहरीर पुलिस को सौंपी है।
ऐन वक्त तक राज छिपाए रखा
ठग मुराद अली ने शादी के फर्जीवाड़े में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। उसने अपने संबंधी बाबू के साथ उनके पुत्र और पुत्री की शादी की तैयारियां कराईं। एक दिन पहले तक उसने पुत्री की फर्जी शादी का नाटक रचने का राज नहीं खोला। अगर फर्जी दूल्हा फैसल मोबाइल ऑफ नहीं करता तो परिजन बरात के स्वागत की तैयारी में भी खड़े मिलते।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
मंडावली के थानाध्यक्ष संदीप त्यागी ने बताया कि अगर लड़की पक्ष कार्रवाई चाहेगा और थाने को तहरीर सौंपेगा तो शादी के नाम पर ठगी करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/