मेरठ में आज भी 700 के पार पहुंचा कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा, 12 लोगों की मौत, मुजफ्फरनगर में 569 नए मामले
- सहारनपुर में दो साल के बच्चे सहित 263 कोरोना संक्रमित मिले, 1669 एक्टिव मरीज
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोरोना का ग्राफ भयावह होता जा रहा है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत समेत कई जिलों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। रविवार को प्राप्त रिपोर्ट में मेरठ में आज भी 700 से ज्यादा लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं 11 लोगों की मेरठ मेडिकल काॅलेज में संक्रमण से मौत हो गई।
मेरठ में आज भी संक्रमितों का आंकड़ा 700 के पार पहुंच गया। वहीं 11 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है। उधर, मुजफ्फरनगर में बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती संक्रमित दो मरीजों की मृत्यु हुई है जबकि आज आई रिपोर्ट के अनुसार 569 नए संक्रमित मिले हैं।बागपत में आज 43 कोरोना पाॅजिटिव मिले हैं जबकि शामली में नए संक्रमितों की संख्या 16 है।
कोरोना की दूसरी लहर से जल्द पार पाना मुश्किल लग रहा है। नए मरीजों के मिलने की रफ्तार ठीक होने वालों से पांच गुना अधिक है। ऐसा तब भी नहीं था, जब पिछले साल कोरोना अपने पीक पर था। पिछले 10 दिन के आंकड़े बेहद डराने वाले हैं। इस दौरान 3525 नए मरीज मिले हैं। यानी हर रोज 352 मरीज मिले हैं। इस दौरान सिर्फ 714 लोग ऐसे रहे जिनकी छुट्टी हुई है।
सहारनपुर जनपद में रविवार को 263 लोग कोरोना संक्रमित आए। इनमें दो वर्ष का बच्चा भी शामिल है। इनके साथ ही जनपद में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 13292 हो गई है। उधर, रविवार को 86 मरीज ठीक भी हुए हैं, जिसके बाद जनपद में एक्टिव मरीजों की संख्या 1669 हो गई है।
रविवार को मिले कोरोना संक्रमितों में घाटहेड़ा के दस, बीना खेड़ी के नौ, भसेड़ा आठ, आवास विकास और कैलाशपुरम के सात-सात, नागल के छह, माधोनगर, शारदानगर और एयरफोर्स स्टेशन परिसर पांच-पांच, टीचर कॉलोनी के चार, साढौली कदीम, मोहल्ला कायस्थान, हिम्मतनगर, किशनपुरा, जनकनगर, शिव विहार, सियाराम कॉलोनी, नवीन नगर, गिल कॉलोनी, डिगौली, मीरपुर, गांधी कॉलोनी, शुगर मिल, कायस्थवाड़ा आदि जगहों के तीन-तीन मरीज शामिल हैं।
घाटहेड़ा, वैशाली विहार, इंदिरा कॉलोनी, राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर, मिशन कम्पाउंड, भायला, नानका, नुमाइश कैंप, हकीकतनगर, छत्ता गंगोह, नंदवाटिका, सीड़की, थरौली, पंजाबी बाग, चोरीमंडी, खाताखेड़ी आदि जगहों के दो-दो मरीज शामिल हैं।
30 लोगों को लगाए गए टीके
लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए रविवार को भी टीकाकरण जारी रहा। रंजीत नगर में स्थित दयावती अस्पताल में रविवार को 30 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया। डॉ. संजीव मिगलानी ने बताया कि टीकाकरण के लिए लोगों ने पहले से पंजीकरण कराया था। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए टीकाकरण किया।
कोरोना संक्रमण : कई कालोनियों को सील किया
कोरोना संक्रमण तेजी के साथ लोगों को अपने चपेट में ले रहा है। पिछले तीन दिन के भीतर हुई जांच में 103 लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद अब प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविवार को लॉकडाउन के दौरान भी सीएचसी में कोरोना की जांच की गई। जिसमें 32 नए मरीज कोरोना संक्रमित मिले।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने तीन दिन पूर्व एसडीएम देवबंद को पत्र लिखकर प्रभावित इलाकों को सील किए जाने की संस्तुति की थी। रविवार को एसडीएम राकेश कुमार सिंह के आदेश पर प्रभावित क्षेत्रों को सील किया गया। इनमें रविदास मार्ग, जोशीवाड़ा, चाहपारस, संत नगर, शिक्षक नगर, बलजीत कालोनी, ब्रह्मपुरी कालोनी आदि हैं।
इन कालोनियों में नगरपालिका के कर्मचारियों ने बैरिकेडिंग लगाकर सड़कों को सील कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डा. इंद्राज सिंह ने लोगों से कोरोना से बचाव को कोविड-19 की गाइड लाइन के मुताबिक मास्क लगाने और दो गज की दूरी का पावन करने का आह्वान किया।