कोरोना: डीएम ने अस्पताल का लाइसेंस निलंबित करने के दिए आदेश, स्टाफ और मरीज क्वारंटीन
- संतोष अस्पताल का लाइसेंस सस्पेंड करने के आदेश, स्टाफ और मरीज क्वारंटीन
- संतोष अस्पताल रोड बैरिकेडिंग लगाकर तीन किमी का एरिया सील, अब जिले में 21 हुए हॉटस्पॉट
- क्वारंटीन मरीजों की जांच रिपोर्ट के बाद खंगाले जाएंगे अस्पताल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ जनपद में डीएम अनिल ढींगरा ने हापुड़ रोड स्थित संतोष अस्पताल का लाइसेंस निलंबित करने के आदेश दे दिए हैं। इसके साथ ही अस्पताल में संचालित सभी गतिविधियों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। वहीं, यह हॉस्पिटल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बन गया है। इसी हॉस्पिटल के कर्मचारी चंद्रपाल पिछले करीब 10 दिन से बीमार थे। दो दिन वह अस्पताल में भर्ती भी रहे। लेकिन स्वास्थ्य विभाग को उनकी मृत्यु के बाद यह जानकारी दी गई। इससे खतरा और बढ़ गया है।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि संतोष अस्पताल के स्टाफ और मरीजों को हॉस्पिटल में ही क्वारंटीन किया गया है। क्वारंटीन किए गए लोगों और स्टाफ की रिपोर्ट में से किसी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गयी तो परेशानी और बढ़ जाएगी। क्वारंटीन मरीजों की जांच रिपोर्ट के बाद अस्पताल आए पिछले 10 दिन के मरीज भी पता किए जाएंगे। उनकी चेन भी पता की जाएगी। संतोष अस्पताल के स्टाफ और मरीजों के रविवार को अस्पताल से ही सैंपल लिए जाएंगे। अस्पताल के बाहर पुलिस लगाई गई है। किसी को बाहर आने की इजाजत नहीं, न किसी को अंदर जाने की। अस्पताल में चार मरीज हैं। बाकी 45 लोगों का स्टाफ है। वैसे अस्पताल में कुल 75 का स्टाफ है। बाकी स्टाफ को भी क्वारंटीन किया जाएगा।
इसके अलावा मेडिकल इमरजेंसी को सैनिटाइज किया गया है। एक डॉक्टर, तीन स्टाफ नर्स और एक एक्सरे टेक्नीशियन को क्वारंटीन किया गया है। चंद्रपाल के घर में किराए पर रहने वाले तीन टेक्नीशियन युवक और एक दूधवाला भी क्वारंटीन किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: मेरठ में उड़ी लॉकडाउन की धज्जियां, डीएम-एसएसपी ने दो सीओ समेत पांच अधिकारियों के खिलाफ बैठाई जांच
पीएफ ऑफिस में कार्यरत थे चंद्रपाल
चंद्रपाल पीएफ ऑफिस में भी कार्यरत रहे थे। इसके अलावा ऑटो का काम भी इन्होंने किया। अब संतोष अस्पताल में स्टोर /अकाउंटेंट थे। पीएफ विभाग मामले में इनका केस भी चल रहा था।
दो नए हॉटस्पॉट बने
हापुड़ रोड स्थित संतोष अस्पताल और गढ़ रोड स्थित राजनगर कॉलोनी दो नए हॉटस्पॉट बनाने के साथ अब जिले में इनकी संख्या 21 हो गई है। कोरोना पॉजिटिव चंद्रपाल की मौत के बाद संतोष अस्पताल रोड सील कर यहां का तीन किमी का दायरा सुपर लॉकडाउन में रखा गया है। दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। ताकि वहां से कोई अंदर ना जाए और अंदर का व्यक्ति कोई बाहर ना आए। एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि संतोष नर्सिंग होम में कई मरीज भर्ती हैं। उनको वहीं पर क्वारंटाइन किया गया है।
परिवार के सदस्य भी क्वारंटीन
कोरोना का शिकार बने चंद्रपाल की पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को भी क्वारंटीन किया गया है। उनकी एक बेटी सहारनपुर से एमबीबीएस कर रही है और दूसरी इलाहाबाद में एमटेक की छात्रा हैं। दोनों यहीं आई हुई हैं। बेटा कक्षा नौ का छात्र है। परिवार के इन चारों सदस्यों की कोरोना जांच होगी। इनकी केस हिस्ट्री भी पता की जा रही है। परिवार से अलग 15-20 और लोग भी क्वारंटीन किए जा सकते हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/