पश्चिमी यूपी में कोरोना का कहर जारी, सहारनपुर में आज मिले, 64 संक्रमित शामली में 30 की रिपोर्ट आई पाॅजिटिव
- सहारनपुर जिले में 31 जुलाई तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 997 पहुंची
- शामली जिले में 30 नए कोरोना संक्रमित मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोनावायरस का कहर पश्चिमी यूपी में अभी कम नहीं हुआ है। सहारनपुर में शनिवार को चार पुलिस कर्मियों सहित 36 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं मुजफ्फरनगर में 11, बिजनौर में 20, बागपत में 00 और शामली में 30 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सभी मरीजों को कोविड 19 अस्पतालों में भर्ती किया गया है। उनके परिजनों को क्वारंटीन कर सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सहारनपुर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जनपद में आठ थाना क्षेत्रों के 19 स्थानों पर कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति पाने वाले स्थानों को चिन्हित कर हॉटस्पॉट घोषित किया। उन्होंने बताया कि जिले में 31 जुलाई तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 997 पहुंच गई है।
जिलाधिकारी ने शनिवार को आदेश कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों को हॉटस्पॉट घोषित किया। उनमें थाना बड़गांव क्षेत्र का गांव मिर्जापुर, थाना कोतवाल नगर क्षेत्र में न्यू बस्ती एवं न्यू माधो नगर, थाना कोतवाली देहात क्षेत्र का दूधली बुखारा, थाना मंडी क्षेत्र के तहत शिवपुरी मंडी, गणपत सराय, टोली अज्जामन निकट अपेक्षा प्रिंटिग प्रेस एवं महेंदी सराय मजीद भट्टे वाली गली नंबर चार, थाना कुतुबशेर क्षेत्र के अंतर्गत प्रकाश लोक कॉलोनी एवं मिगलानी बिल्डिंग, थाना चिलकाना क्षेत्र के तहत सोमदत्त के पास वाली गली छोटी पठेड, रघुनाथपुर, थाना जनकपुरी क्षेत्र के नंद वाटिका एवं गली नंबर तीन, अमरदीप कॉलोनी, थाना सदर बाजार क्षेत्र के मकान नंबर यू/4 वाली गली, हकीकतनगर, गली नंबर दो विनोद विहार, मनोहरपुर (हसनपुर चौकी के पास), गली नंबर तीन पवन विहार, जेजे पुरम, लक्ष्मीपुरम, गलीरा चौक ( मोल्हू की कोठी के पास) और मकान नंबर 242 शिव विहार को हॉटस्पॉट घोषित किया।
उन्होंने बताया हॉट स्पॉट वाले क्षेत्रों में बल्ली लगा कर चिन्हित किया है। इन क्षेत्रों में पुलिसकर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, सफाईकर्मी, दैनिक आपूर्ति कर्मी और जिला प्रशासन के स्टाफ द्वारा अनुमति प्राप्त व्यक्ति को छोड़कर अन्य सभी का आवागमन पूर्णतया प्रतिबंधित किया है। डीएम ने बताया कि इन हॉटस्पॉट क्षेत्रों में जारी किए सभी पास एवं अनुमति पत्र निरस्त किए गए हैं। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रभावित स्थानों पर हॉटस्पॉट के नियम का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुजफ्फरनगर में 11 लोग मिले पॉजिटिव, नौ मरीज ठीक
शहर और देहात में कोरोना का संक्रमण कम नहीं हो रहा है। जांच के दौरान लगातार लोग संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार को भी 11 नए मरीज मिले हैं। जबकि नौ मरीज ठीक होकर घर लौट आए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में 11 नए केस सामने आए है। रैपिड एंटीजन जांच में आठ मरीज मिले हैं, जबकि तीन लोग सैंपल की जांच में पॉजिटिव आए हैं।
इनमें खेड़ी फिरोजाबाद का एक, कुरालसी गांव का एक, बड़कली का एक, शहर के विश्वकर्मा चौक निवासी तीन, जाट कालोनी की एक महिला, गांधी कालोनी का एक, राघव विहार का एक, शहर का एक तथा आबकारी विभाग के एक कर्मचारी की बेटी भी कोरोना संक्रमित मिली है। सभी मरीजों को कोविड अस्पताल भेजा जा रहा है। एडीएम ने बताया कि शनिवार को नौ मरीज ठीक हुए है। अब तक 621 मरीज ठीक हो चुके है, जबकि कुल 845 मरीज हो गए हैं। एक्टिव केस 205 है, जिनका उपचार चल रहा है।
बिजनौर में 11 और कोरोना संक्रमित मिले
जिले में शनिवार को चार पुलिसकर्मियों सहित 11 और कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें नगीना देहात थाना क्षेत्र के दो, नहटौर के चार और बिजनौर के पांच लोग शामिल हैं। नए मरीजों में दो वृद्ध भी शामिल हैं।
जिले में कोरोना की रफ्तार दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। यहां पर रोजाना नए केस मिल रहे हैं। जिला प्रशासन के सारे उपाय निष्क्रिय साबित हो रहे हैं। इससे जिला प्रशासन से लेकर आम नागरिक तक परेशान हैं। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार शनिवार को पुलिस लाइन के चार पुलिसकर्मियों सहित 11 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। शुक्रवार को भी कोरोना संक्रमित 15 मरीज मिले थे। जिले में अब तक कुल 729 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 598 लोगों ने कोरोना को हराया है, जबकि नौ लोगों की मौत भी हुई है।
वर्तमान में सक्रिय उपचाराधीन केस 122 हो गए हैं। शनिवार को मिले नए मरीजों में पुलिस लाइन बिजनौर निवासी 31, 24, 31, 58 वर्षीय पुलिसकर्मी, बिजनौर के ही मोहल्ला शक्ति नगर कॉलोनी निवासी 27 साल की युवती, नहटौर के मोहल्ला हकीमान निवासी 29 साल की युवती, 32 वर्षीय महिला, 75, 83 साल के वृद्ध, नगीना देहात थाना क्षेत्र के गांव झिलमिला निवासी 32, 20 वर्षीय युवक शामिल हैं। इन सभी की जांच रिपोर्ट नोएडा लैब से प्राप्त हुई है। इनमें से पांच को उपचार को उपचार के लिए होम आइसोलेट किया गया है, जबकि छह को कोविड केयर सेंटर स्वाहेड़ी भेजा गया है।
शामली जिले में 30 नए कोरोना संक्रमित मिले
शामली जनपद में शनिवार को कोरोना पॉजिटिव के 30 नए केस आए हैं। इनमें शामली शहर के अलग-अलग मोहल्ले के 17, कैराना में चार, कांधला में पांच और थानाभवन क्षेत्र में चार लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। 18 लोगों को कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। जनपद में अब एक्टिव केस की संख्या 133 हो गई है।
बागपत में बसी का किसान मिला कोरोना पॉजिटिव
खेकड़ा गांव बसी निवासी एक वृद्ध किसान के पैर में दो दिन पूर्व नीलापन आ गया था। परिजन उसे इलाज के लिए मेरठ स्थित सुभारती अस्पताल में ले गए। जांच में वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने उसे मेरठ के मेडिकल अस्पताल में शिफ्ट करा दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को गांव बसी में पहुंचकर वृद्ध के परिजनों और पड़ोस के 100 से अधिक लोगों के सैंपल लिए। एक सप्ताह के अंदर बसी गांव में दो कोरोना पाजिटिव मिलने के चलते ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
चौकी प्रभारी ने दी कोरोना को मात
कोविड अस्पताल में भर्ती पाठशाला पुलिस चौकी प्रभारी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आ गई। वह स्वस्थ हो गए। शनिवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कोतवाली प्रभारी समेत सभी पुलिस कर्मियों ने पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसे अलावा शनिवार को नगर स्थित अस्थाई जेल में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 24 बंदियो के सैंपल लिए। कोविड अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर ताहिर ने बताया कि सैंपल लेने का कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।