CBSE 10th Result: अनिका, लावण्या, समायरा और भूमिका ने किया जिला टॉप
जिले में इस बार पहले नंबर पर केएल इंटरनेशनल स्कूल की अनिका, एमपीएस फॉर गर्ल्स की समायरा, दीवान पब्लिक स्कूल की भूमिका और द आर्यन की छात्रा लावण्या सिंघल ने 99.88 फीसदी अंक लाकर टॉप किया है। इन्होंने 500 में से 499 अंक प्राप्त किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लंबे इंतजार के बाद सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट मंगलवार को आया तो छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल गए। सीबीएसई की तरफ से टॉपर्स घोषित नहीं किए गए, लेकिन स्कूूलों ने अपने-अपने टॉपर्स की लिस्ट जारी की। मेरठ जिले में इस बार पहले नंबर पर केएल इंटरनेशनल स्कूल की अनिका, एमपीएस फॉर गर्ल्स की समायरा, दीवान पब्लिक स्कूल की भूमिका और द आर्यन की छात्रा लावण्या सिंघल ने 99.88 फीसदी अंक लाकर टॉप किया है। इन्होंने 500 में से 499 अंक प्राप्त किए हैं।
सीबीएसई के 138 स्कूलों के 10वीं में 14953 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। मंगलवार दोपहर 12 बजे रिजल्ट जारी किया गया। स्कूलों ने छात्रों को बुलाया नहीं था, लेकिन कई स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के साथ रिजल्ट आने की खुशी साझा की। छात्र-छात्राएं रिजल्ट से संतुष्ट दिखे। टॉपर्स और दूसरे छात्र-छात्राओं का कहना था कि अगर परीक्षा होती तो भी इतने ही नंबर आते।
इस बार मेरठ जिले में पहले नंबर पर चार छात्राएं रही हैं। दूसरे नंबर पर जिले में केएल इंटरनेशनल स्कूल के उदय देशवाल और विश्वजीत शेखर ने 99.6 फीसदी नंबर प्राप्त किए हैं।
मेरठ जिले में 99.4 फीसदी अंक लाकर पांच होनहार तीसरे नंबर पर रहे हैं। इनमें दीवान स्कूल की सुहानी, केएल इंटरनेशनल स्कूल की अक्षिता, एमपीएस फॉर गर्ल्स स्कूल की मान्या और सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल के गर्व कपूर और मोहम्मद सूफियान शामिल हैं। शिक्षकों ने बताया कि रिजल्ट बहुत बेहतर रहा है।
बिजनौर में डीडीपीएस स्कूल की छात्रा हुदा आयशा को दसवीं में 99.6 प्रतिशत अंक मिले। वहीं, सहारनपुर में रेनबो स्कूल की ओजस्ववी अनेजा को 99.8 फीसदी अंक मिले।
पिता पीसीएस अधिकारी अब बेटी का सपना आईएफएस अधिकारी
मेरठ के केएल इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा अनिका सिंह ने जिले में 99.8 अंक लाकर टॉप किया है। शास्त्रीनगर स्थित डी-ब्लॉक निवासी अनिका का सपना पापा की तरह सिविल सर्विस में जाने का है। हालांकि, वह आईएफएस अधिकारी बनना चाहती है।
उनके पिता देवेंद्र सिंह गाज़ियाबाद में असिस्टेंट कमिश्नर और माता वंदना शर्मा एन ए एस कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। अनिका शर्मा का कहना है कि उन्हें म्यूज़िक और बैडमिंटन खेलना पसंद है। विज्ञान में सिर्फ 99 नंबर हैँ। बाकी सँस्कृत, गणित, अंग्रेज़ी, सोशल साइंस, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में 100 नंबर हैँ।
डॉक्टर बनना चाहती है भूमिका
दीवान पब्लिक स्कूल की दसवीं की छात्रा भूमिका 99.8 फ़ीसदी अंक लाकर स्कूल टॉप करने के साथ जिले की सयुंक्त टॉपर बनी हैं। भूमिका डॉक्टर बनना चाहती हैं। उनके पिता जितेंद्र सिंह ट्रेजरी ऑफिस में है, माता कृष्णा हैं। भूमिका अपने रिजल्ट से संतुष्ट हैं। वह बताती हैं कि अगर पेपर होते तब भी इतने ही नंबर की उम्मीद थी।
परिणाम व्यक्तिगत और स्कूल-वार आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर उपलब्ध कराया गया है। छात्र रोल नंबर और अन्य विवरण का उपयोग करके परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं, और स्कूल अपने लॉगिन विवरण का उपयोग करके इसे डाउनलोड कर सकते हैं। जिन लोगों को अपना रोल नंबर नहीं पता है, वे cbseresults.nic.in पर रोल नंबर फाइंडर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कई विषयों में सौ में सौ नंबर
काफी छात्रों के 100 में से 100 नंबर आए हैं। विज्ञान, गणित, अंग्रेजी में खूब नंबर आए हैं। अन्य विषयों में भी 90 से अधिक नंबर दिए गए हैं। छात्रों का कहना है कि 12वीं कक्षा में और भी अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।
परिणाम आते ही तनाव हुआ दूर
सीबीएसई 10वीं के रिजल्ट को लेकर छात्र-छात्राएं ही नहीं अभिभावक और शिक्षक भी चिंतित थे। सबसे देरी में सीबीएसई दसवीं का रिजल्ट जारी हुआ इसको लेकर हर कोई तनाव में था। एमपीएस ग्रुप की एडवाइजर रिचा शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते पेपर नहीं हुए तो छात्रों और अभिभावकों के मन में बहुत चिंता थी, लेकिन जिस तरह से नंबर आए हैं उससे छात्र बहुत खुश हैं।
केएल इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने बताया कि हर छात्र अपने नंबरों से संतुष्ट है। सीबीएसई ने बहुत अच्छे फार्मूले से नंबर दिए हैं। दीवान पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य एके दुबे का कहना है कि उम्मीद से अच्छा रिजल्ट आया है।