बिजनौर: विपिन की मौत के बाद मारपीट का वीडियो वायरल, अंतिम संस्कार रोक थाने पहुंचे ग्रामीण; पुलिस से नोकझोंक
बिजनौर के धामपुर क्षेत्र के सुहागपुर गांव में विपिन कुमार की संदिग्ध मौत के मामले में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
बिजनौर जनपद में धामपुर थाना क्षेत्र के सुहागपुर गांव में 32 वर्षीय विपिन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया, जब मृतक के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार की तैयारी रोक दी और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग करते हुए धामपुर कोतवाली का घेराव किया। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक अमित किशोर श्रीवास्तव के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें: मेरठ-सहारनपुर एमएलसी चुनाव: शिक्षक सीट पर ज्यादा मतदान, मुजफ्फरनगर में भाजपा और सपा नेताओं के बीच धक्का-मुक्की
अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच वायरल हुआ वीडियो
सुहागपुर निवासी विपिन कुमार पुत्र चेतराम की बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया था। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार देर रात तक शव आरोपी के घर के बाहर रखकर हंगामा किया। हालांकि, उस समय कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद परिजन शव को वहां से उठाकर अपने घर ले गए थे।
शुक्रवार को शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान विपिन के साथ गांव में हुई कथित मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग तेज कर दी।
ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखी लकड़ी और उपले उतार दिए। इसके बाद वे ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पुलिस थाने की ओर जाने लगे। रास्ते में पुलिस ने कई स्थानों पर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण आगे बढ़ते रहे। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और धामपुर कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया।
कोतवाली में ग्रामीणों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हुई। आक्रोशित लोगों ने कोतवाल धीरज कुमार सोलंकी से वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई करने की मांग की। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण थाना परिसर में मौजूद थे और घेराव जारी था।
मामले में आजाद समाज पार्टी के मंडलीय महासचिव एवं सांसद प्रतिनिधि विवेक सेन भी कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने कोतवाल धीरज कुमार सोलंकी से हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उस समय तक कथित मारपीट के आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की पुष्टि नहीं हुई थी।
सीओ ने पहले हादसे में मौत होने की बात कही थी
इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर घटना के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि विपिन की मौत मारपीट से नहीं हुई। सीओ के अनुसार, ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर पीछा किया था। भागने के दौरान ठोकर लगने से वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया था। इसके बाद पुलिस उसे सामुदायिक अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया था।
वहीं, अब कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद परिजन और ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौत के वास्तविक कारण और वायरल वीडियो से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों से होगी।