बड़ी खबर: रालोद को पश्चिम में लगा तगड़ा झटका, राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहित जाखड़ ने सभी पदों से इस्तीफा दिया
राष्ट्रीय लोकदल को पश्चिम में तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहित जाखड़ ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने की वजह भी सामने आई है। हालांकि वह पार्टी में बने रहेंगे लेकिन पदों पर नहीं रहेंगे।
विस्तार
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहित जाखड़ ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरएलडी अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह को अपना इस्तीफा भेज दिया है। भाजपा द्वारा यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी रहे बृजभूषण सिंह के बेटे करण भूषण को केसरगंज से टिकट दिए जाने के विरोध में यह इस्तीफा दिया है।
रोहित ने बताया कि आरएलडी विभिन्न मुद्दों को लेकर लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है। जयंत चौधरी के फैसले के बावजूद भाजपा कहीं भी कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाई। बेटियों की अस्मिता से समझौता कर राजनीति संभव है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पद पर रहकर इसका विरोध संभव नहीं है, सामाजिक स्तर पर इसका विरोध जारी रहेगा।
किसान की बेटियों का शोषण करने वालें को समाज कभी माफ नहीं करेगा ।
— 🇮🇳रोहित जाखड़-Rohit Jakhar-ਰੋਹਿਤ ਜਾਖੜ 🇮🇳 (@chrohitjakhar) May 2, 2024
भाजपा ने आज उसी बृजभूषण के बेटे को अपना उम्मीदवार बना दिया जिस पर हमारी खिलाड़ी बहन, बेटियों के शोषण का आरोप है ।
लेकिन आज फिर एक बार भाजपा ने अपने फ़ैसले से समस्त जाट और किसान वर्ग की भावनाओं को दरकिनार कर… pic.twitter.com/XG3eDFTV8Q
राष्ट्रीय कैंपेन प्रभारी प्रशांत कनौजिया पार्टी से दे चुके हैं इस्तीफा
बता दें कि इससे पहले रालोद के राष्ट्रीय कैंपेन प्रभारी प्रशांत कनौजिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने दो पेज का इस्तीफा अपने एक्स अकाउंट पर भी पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कहा कि मैं प्रशांत कनौजिया राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय कैंपेन इंचार्ज पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं।
लिखा कि 'भारत को तोड़ने वाली और बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान को बर्बाद करने की मंशा रखने वाले भाजपा और आरएसएस का साथ नहीं दे सकता। मुझे नरेंद्र मोदी में श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह नहीं बल्कि एक क्रूर तानाशाह नजर आता है'।