फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Bharat Bandh: BKU workers will protest for their demands, police alert, Tikait said will a big movement soon

भारत बंद आज: BKU कार्यकर्ता करेंगे चक्का जाम, पुलिस अलर्ट, टिकैत बोले-सरकार नहीं मानी तो जल्द होगा बड़ा आंदोलन

Fri, 16 Feb 2024 12:40 AM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ, मुजफ्फरनगर
अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ, मुजफ्फरनगर Published by: कपिल kapil Updated Fri, 16 Feb 2024 12:40 AM IST
सार

Bharat Bandh Update : संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 16 फरवरी को ग्रामीण भारत बंद का आह्वान किया गया है। आज किसान खेतों में काम नहीं करेंगे और अपनी मांगों को लेकर चक्का जाम करेंगे। भारत बंद को लेकर पुलिस अधिकारी अलर्ट है।

विज्ञापन
Bharat Bandh: BKU workers will protest for their demands, police alert, Tikait said will a big movement soon
ग्रामीण भारत बंद आज। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 16 फरवरी को ग्रामीण भारत बंद का आह्वान किया गया है। भाकियू से जुड़े किसान खेतों पर नहीं जाएंगे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि वहीं एमएसपी पर गारंटी कानून को लेकर दिल्ली और हरियाणा बॉर्डर पर किसानों की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है। 17 फरवरी को सिसौली में होने वाली महापंचायत में भाकियू की ओर से भी इसे लेकर रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने यह जानकारी बृहस्पतिवार को कंकरखेड़ा स्थित जिलाध्यक्ष भाकियू अनुराग चौधरी के आवास पर पत्रकारवार्ता में दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार आसानी से किसानों की मांग नहीं मानने वाली। इसके लिए देशभर के किसानों को एकजुट होकर आंदोलन करना पड़ेगा। उन्होंने यहां से भी अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं से मासिक पंचायत में पहुंचने का आह्वान किया।

विज्ञापन

इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से आज होने वाले ग्रामीण भारत बंद को सफल बनाने के लिए कहा। इस मौके पर बबलू, हर्ष चहल, अंकुर, मोनू, विपुल, राजा, हरेंद्र आदि मौजूद रहे।

आज ग्रामीण भारत बंद, 10 जगह प्रदर्शन करेगी भाकियू
किसानों के विभिन्न मुद्दों पर संयुक्त किसान मोर्चा ने शुक्रवार को ग्रामीण भारत बंद का आह्वान किया है। भाकियू मुजफ्फरनगर जिले में 10 प्वाइंट बनाकर धरना-प्रदर्शन करेगी। किसान-मजदूरों से आह्वान किया गया है कि एक दिन के लिए अपना काम बंद रखें।

भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि किसान लॉकडाउन के लिए संगठन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिले में ब्लॉक स्तर पर अलग-अलग प्वाइंट बनाकर रणनीति तैयार की गई है। बुढ़ाना ब्लॉक में दो प्वाइंट बनाए गए हैं। किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं। समस्याओं का समाधान निकालना बेहद जरूरी है। खेती वर्तमान में किसानों के लिए घाटे का सौदा है। सरकार ने आय दोगुनी करने की बात कही थी, लेकिन किसान की आय घट गई है। किसान सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक धरना-प्रदर्शन करेंगे।

विज्ञापन

भारत बंद आज, दूध से लेकर मिलों में नहीं होगी गन्ना आपूर्ति
पंजाब और हरियाणा में किसान आंदोलन की आंच पश्चिमी यूपी तक भी पहुंच गई है। पिछले कई दिनों से परिवहन की व्यवस्था बिगड़ी हुई है, इसी बीच शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा भारत बंद का आह्वान ने बेचैनी बढ़ा दी है। भाकियू टिकैत ने जनपद के किसानों से मिल में गन्ना आपूर्ति नहीं करने के साथ-साथ दूध की आपूर्ति बंद करने का भी आह्वान किया है।

विभिन्न मांगों को लेकर संघर्षरत संयुक्त किसान मोर्चा दोबारा आंदोलन को तेज करने की कवायद में जुट गया है। मोर्चा से जुड़े किसान संगठनों ने शुक्रवार को भारत बंद करने का आह्वान किया है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय सचिव चौधरी विनय कुमार ने बताया कि किसानों से एक दिन के लिए अपने कार्यों से विरत रहने की अपील की गई है। उनसे कहा गया कि वे शुक्रवार को चीनी मिलों में गन्ना आपूर्ति न करें, साथ ही एक दिन के लिए अपने खेतों के काम भी न करें। शहरों में दूध आपूर्ति करने वाले किसान इसे एक दिन के लिए रोक दें। किसान परिवार के जिन लोगों ने दुकानें कर रखी हैं वे उसे बंद रखें। उन्होंने बताया कि आगे के आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए 17 फरवरी को सिसौली में होने वाली किसान पंचायत में निर्णय लिया जाएगा। जिलाध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों से किए वादों को जल्द पूरा करे। ऐसा नहीं हुआ तो किसानों को आंदोलन तेज करना पड़ेगा।

विभिन्न संगठनों ने किया भारत बंद का समर्थन
किसान आंदोलन के समर्थन में विभिन्न संगठन आना शुरू हो गए हैं। शहीद भगत सिंह भाईचारा मंच, अखिल भारतीय किसान सभा, सीआईटीयू और वामपंथी पार्टियों के पदाधिकारियों ने संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद का समर्थन किया। उन्होंने शंभू बॉर्डर पर किसानों पर की जा रही कार्रवाई पर रोष व्यक्त किया। बृहस्पतिवार को रेलवे रोड स्थित उत्तर प्रदेश किसान सभा के कार्यालय पर आयोजित बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कॉमरेड नवनीत सिंह, जगतार सिंह, सुरेंद्र सिंह लाडी, जसपाल, धर्मेंद्र सिंह, राव दाउद खां आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता सरदार चन्नन सिंह ने की।

जिले में एक दिन में होती है करीब तीन लाख लीटर दूध की सप्लाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में एक दिन में करीब तीन लाख लीटर दूध की सप्लाई होती है। यदि एक दिन भी दूध की सप्लाई बंद होती है तो लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

जिले में आठ शुगर मिल
जिले में देवबंद, गांगनौली, गागलहेड़ी, सरसावा, शेरमऊ, नानौता, टोडरपुर और बिड़वी में शुगर मिलें हैं। कई शुगर मिल पहले से ही नो केन की स्थिति में हैं।

भारत बंद को लेकर आज किसान करेंगे चक्का जाम, पुलिस-प्रशासन अलर्ट
संयुक्त किसान और किसान मजदूर मोर्चा के भारत बंद के किए गए आह्वान को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने भी तैयारी की हुई है। शामली में कार्यकर्ता झिंझाना में मेरठ-करनाल हाईवे पर गाड़ी वाला चौराहे पर जाम लगाएंगे। साथ ही, तीन घंटे तक धरना दिया जाएगा। कार्यकर्ता शामली तहसील के सामने धरना भी देंगे। वहीं पुलिस और प्रशासन ने भी तैयारी पूरी कर ली है। इस दौरान कई सेवाएं बाधित होने की संभावना है। रेलवे स्टेशनों से लेकर बस स्टैंड पर अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगा।

उधर, किसान आंदोलन के चलते जिले में जहां कुछ फल और सब्जियां प्रभावित हो रही है। वहीं जिले के उद्यमी रिम धुरा, बर्तन, माचिस, पेपर, सरिया, गर्डर, बैट्री से लेकर अन्य सामान हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, जम्मू कश्मीर आदि राज्यों में नहीं भेज पा रहे हैं। 300 करोड़ से अधिक का कारोबार उद्यमियों का अभी तक बाधित हुआ है। वहीं किन्नू, अंगूर और सेब जिले में नहीं आ पा रहा है। फलों से लेकर सब्जियों के दामों में भी इजाफा हुआ है। उधर, किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बैठक कर सरकार को चेतावनी दी कि अगर जल्द मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे भी दिल्ली कूच करने को बाध्य होंगे। हालांकि जिले से कोई भी किसान दिल्ली नहीं जा सका।

आईआईए के चेयरमैन आशीष जैन ने बताया कि पिछले तीन दिन से अधिक परेशानी सामने आ रही है। तीन दिन से ट्रक नहीं जा पा रहे हैं, कुछ गए थे, लेकिन किसानों के आंदोलन के कारण वापस लौटना पड़ा। तीन दिन में 300 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित हुआ है। इसके अलावा बकाया पेंमेंट भी उद्यमियों का अन्य प्रदेशों से नहीं हो पा रहा है।

आईआईए के पूर्व चेयरमैन अनुज गर्ग का कहना है कि माचिस, धूप बत्ती, चम्मच आदि अन्य प्रदेशों में नहीं जा पा रही है। कुछ गाड़ियां रास्ते में फंसी हुई हैं, क्योंकि सभी स्थानों पर हरियाणा से होकर जाना पड़ता है। फैक्टरी में ही माल पड़ा है, प्रोडक्शन आधी हो गई है।

वहीं, शामली मंडी के आढ़ती शाहिद अहमद और हसीन ने कहा कि आंदोलन के कारण किन्नू नहीं आ रहा है। किन्नू को वह पंजाब के अबोहर से लेकर आते हैं, मगर ट्रकों के फंसने के कारण माल प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा अंगूर की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। ट्रकों के गांवों से घूमकर आने के कारण दो से तीन हजार रुपये अधिक खर्च हो रहे हैं।

आज दिया जाएगा धरना
भाकियू जिलाध्यक्ष कालिंदर मलिक का कहना है कि किसानों की मांगों को लेकर 16 फरवरी को सुबह 11 बजे शामली में तहसील के सामने धरना दिया जाएगा। सरकार को किसानों की मांगों को जल्द पूरा करना चाहिए। कहा कि 17 फरवरी को सिसौली में होने वाली पंचायत में भी आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

वहीं, भाकियू के पश्चिम प्रदेश महासचिव कपिल खाटियान का कहना है कि मेरठ-करनाल हाईवे पर गाड़ी वाला चौराहे पर शुक्रवार को धरना दिया जाएगा। साथ ही मार्ग भी जाम किया जाएगा। हालांकि लोगों को परेशानी नहीं हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।

इन्होंने कहा...
किसान संगठनों ने एकजुट होकर 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। इस दौरान पुलिस मातहतों को अलर्ट किया गया है। यदि किसी ने कानून को हाथ में लेने का प्रयास किया तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस प्रशासन की नौ टीमें भी संयुक्त रूप से गश्त करेंगी। - संतोष कुमार सिंह, एडीएम शामली

पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने को कहा गया है। भाकियू के धरने के दौरान भी सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात रहेगी। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। शहर के प्रमुख स्थानों पर भी अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे। - अभिषेक, एसपी

तीसरे दिन भी अलर्ट रहा पुलिस प्रशासन
पंजाब हरियाणा से किसानों के दिल्ली कूच करने को लेकर यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। हरियाणा की ओर से आने जाने वाले चौपहिया वाहनों को रुकवा कर पुलिस चेकिंग कर रही है। इसके अलावा जिलेभर में पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा। हालांकि जिले से किसी भी किसान ने दिल्ली कूच नहीं किया। मगर अधिकारी किसान नेताओं पर नजर बनाए रहे।

किसानों के दिल्ली कूच की सूचना पर हरियाणा बार्डर पर पुलिस बल तैनात है। उच्चा अधिकारियों के आदेश पर यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर भी पुलिस अलर्ट है। गुरुवार को भी यमुना ब्रिज पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान हरियाणा की ओर से आने जाने वाले चौपहिया वाहनों को चेक किया गया। फिलहाल बॉर्डर से किसानों का कोई जत्था नहीं गुजरा है। एसपी का कहना है कि पुलिस को अलर्ट किया गया है। जीआरपी थाना पुलिस भी रेलवे स्टेशन पर अलर्ट रही। तीन अतिरिक्त जवान यहां पर तैनात किए गए हैं। जीआरपी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह सिंधू ने बताया कि अभी जिले से किसी भी किसानों ने ट्रेन से दिल्ली कूच नहीं किया।

किसानों के साथ सम्मानजनक तरीके से पेश आए सरकार
शामली के सिंभालका गांव में भारतीय किसान संगठन की बैठक हुई, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी प्रदीप सिंह ने कहा कि सरकार ने दो साल पहले ही एमएसपी एवं किसानों पर दर्ज मामलों को वापस लेने का वायदा किया था, मगर वह दावा झूठा साबित हुआ। इसलिए आज भी देश का किसान शांतिपूर्वक तरीके से धरना देना चाहता है। सरकार को किसानों के साथ सम्मानजनक तरीके से पेश आना चाहिए। किसानों को भी शांतिपूर्वक ढंग से आंदोलन करना चाहिए। महासचिव मदनपाल खेड़ी ने कहा कि भारतीय किसान संगठन किसानों के साथ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का आदेश मिलते ही किसान भारी संख्या में दिल्ली कूच करेंगे। । जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यपाल कश्यप ने भी विचार रखे। अध्यक्षता धर्मवीर चौधरी, संचालन महासचिव मदनपाल खेड़ी ने किया। मौके पर जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यपाल कश्यप, ब्रह्मपाल, संजय कुमार, संजीव प्रधान, नदीम खान, प्रवीण कुमार, राहुल, अरविंद आदि मौजूद रहे।

यह बोले किसान नेता...
उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो करेंगे दिल्ली कूच

किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सवित मलिक का कहना है कि संगठन किसानों के साथ है। यदि आवश्यकता पड़ी तो दिल्ली कूच किया जाएगा। सरकार को किसानों को परेशान करना जल्द बंद करना चाहिए। मांगों को मान लेना चाहिए।

यह भी पढ़ें: किसान लॉकडाउन: ग्रामीण भारत बंद को लेकर ये है BKU का प्लान, राकेश टिकैत बोले-17 को सिसौली में लिया जाएगा फैसला

आदेश मिलते ही होगा दिल्ली कूच
भाकियू टिकैत के युवा जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी का कहना है कि किसानों की सभी मांगे जायज हैं। एमएसपी की मांग पूरी नहीं की गई। सरकार को शांतिपूर्वक धरना देने जा रहे किसानों को दिल्ली तक जाने देना चाहिए। आदेश मिलते ही जिले के किसान भी यदि आवश्यकता पड़ी तो दिल्ली कूच करेंगे।

यह भी पढ़ें: Mission 2024: जयंत चौधरी ने RLD विधायकों से दिल्ली में की अहम बैठक, आंदोलन पर कहा- बातचीत हर समस्या का समाधान

20 को जिजौला में होगी महापंचायत
भाकियू टिकैत के युवा जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी ने बताया कि किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर 20 फरवरी को जिजौला गांव में किसानों की महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें भारी संख्या में किसान भागीदारी करेंंगे। पंचायत की तैयारी की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed