इस थाने को मिला बेस्ट पुलिस स्टेशन का अवार्ड, डीजीपी ने दी बधाई, गृह मंत्रालय ने कराया था सर्वे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपराध और पलायन को लेकर सुर्खियों में रहने वाली शामली पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा साल 2018 में कराए गए सर्वे में थाना बाबरी को उत्तर प्रदेश में बेस्ट पुलिस स्टेशन का पुरस्कार मिला है। डीजीपी ने जिला पुलिस को बधाई दी है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2018 में पुलिस की कार्यशैली को परखने के लिए सर्वे कराया था। शामली जनपद का थाना बाबरी इस सर्वे में शामिल किया गया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय की चार सदस्यीय टीम ने जिले में पहुंचकर 80 बिंदुओं पर जांच पड़ताल की थी। इस टीम ने पुलिस की कार्यशैली के अलावा पब्लिक के बीच जाकर भी पुलिस की कार्यशैली, थाने में सुनवाई, पुलिस कर्मियों के व्यवहार समेत कई बिंदुओं पर पूछताछ की थी।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से कराए गए सर्वे में प्रदेश के 1526 थानों में बाबरी थाना नंबर एक पर रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की तरफ से सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस प्रदान कर जिले के बाबरी थाने को उप्र में बेस्ट पुलिस स्टेशन के खिताब से नवाजा गया है। एडीजी जोन मेरठ प्रशांत कुमार ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए शामली पुलिस को बधाई दी है। डीजीपी लखनऊ ने भी शामली पुलिस की प्रशंसा की है। इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। एसपी ने बाबरी थाना प्रभारी नेमचंद और उनकी समस्त टीम को बधाई दी है।
सर्वे में ये रहे प्रमुख बिंदू
1. निरोधात्मक कार्रवाई की स्थिति।
2. विवेचनाओं के निस्तारण की स्थिति।
3. कानून एवं व्यवस्था की स्थिति।
4. न्यायालयों में अपराधियों को सजा दिलाने में पुलिस की स्थिति।
5. माल बरामदगी में स्थिति।
6. आपराधिक घटनाओं के अनावरण की स्थिति।
7. दुष्कर्म, लूट, छिनैती, हत्या में कमी।
8. दुर्घटनाओं में कमी के लिए पुलिस के प्रयास।
9. उच्चाधिकारियों के दिए गए दिशा निर्देशों की गुणवत्ता।
10. थाने की बिल्डिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था
11. थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ पुलिसकर्मियों का व्यवहार।
जिला स्तरीय रैकिंग में तीन माह से लगातार प्रथम स्थान पर रहा बाबरी
एसपी अजय कुमार ने पुलिस की कार्यशैली और सक्रियता परखने के लिए जिला स्तर पर भी 40 बिंदुओं पर रैकिंग सिस्टम लागू किया हुआ है। रैकिंग के आधार पर ही पुलिसकर्मियों, दरोगा और इंस्पेक्टरों को तैनाती दी जाती है। बाबरी थाना जिला स्तरीय रैकिंग में दिसंबर, जनवरी और फरवरी माह में तीन माह तक लगातार प्रथम स्थान पर रहा है।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/