बड़ा खेल: शाह आलम से बना अर्जुन सिंह, ऐसे की सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी,फिर फर्जी तरीके से लिया 80 लाख का लोन
पहले शाह आलम से अर्जुन सिंह बना और फिर सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी की। यही नहीं उसने फर्जी तरीके से चार बैंकों से 80 लाख रुपये का लोन भी लिया।
विस्तार
नटवरलाल शाह आलम ने अर्जुन सिंह बनकर छह माह तक गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी की और फिर चार बैंकों से फर्जी तरीके से 80 लाख रुपये का लोन ले लिया। बैंक का नोटिस पहुंचने के बाद अर्जुन सिंह ने साइबर सेल में शिकायत कर लालकुर्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। इसके बाद साइबर सेल और लालकुर्ती पुलिस ने बेगमपुल के पास से आरोपी शाह आलम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बैंक के दो खातों को भी सीज कराया है।
एसपी क्राइम अनित कुमार का कहना है कि इस मामले में हापुड़ के सलई गांव निवासी शाह आलम को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ लालकुर्ती थाने में बिजनौर के नूरपुर कस्बा स्थित इस्लामनगर निवासी अर्जुन सिंह ने एक सप्ताह पहले 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। अर्जुन सिंह ने बताया कि वह एमसीए की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। एक साल पहले उन्होंने सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी पाने के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग ली थी।
एक सप्ताह पहले लालकुर्ती स्थित आईसीआईसीआई बैंक से लोन से संबंधित नोटिस आया। इसके बाद पता चला कि उसके नाम से चार बैंकों से लोन है। इस मामले की जांच साइबर सेल मेरठ ने की। इसमें शाह आलम का नाम सामने आया था। इसके बाद मुकदमे में शाह आलम को नामजद किया गया था। साइबर सेल और लालकुर्ती पुलिस ने मंगलवार को शाह आलम गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे की धोखाधड़ी
आरोपी शाह आलम के मुताबिक उसने अर्जुन के दस्तावेज ऑनलाइन ले लिए थे। दस्तावेज में शाह आलम ने अपना फोटो लगाकर गुरुग्राम की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी की। यहां छह महीने काम किया। यहां एक बैंक ने पांच लाख रुपये की लिमिट का क्रेडिट कार्ड दे दिया। उसके बाद शाह आलम ने कोटक, यश बैंक, आईसीआईसीआई और एचडीएफसी बैंक से 80 लाख का लोन ले लिया। पैसा लेने के बाद नौकरी छोड़ दी। लोन का पैसा जमा नहीं करने पर बैंक का नोटिस अर्जुन सिंह के पास पहुंचा, तब जाकर भंडाफोड़ हुआ।
यह भी पढ़ें: यूपी में शर्मनाक मामला: बीएससी की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में सिपाही गिरफ्तार, कोर्ट से भेजा जेल
बड़ा नटवरलाल है शाह आलम
एसपी क्राइम अनित कुमार के मुताबिक शाह आलम बड़ा नटवरलाल है। इससे पहले भी शाह आलम कई लोगों के साथ ठगी कर चुका है। अभी आरोपी से पुलिस टीम पूछताछ करने में लगी है। शाह आलम के कई बैंक अकाउंट बताए गए है। इसमें से दो बैंक खातों को सीज कराया गया है। ठगी का पैसा कहां से आया है, इसका खुलासा साइबर सेल की जांच के बाद होगा।