Meerut: गोकशी से फिर भड़का आक्रोश, कुएं में मिले गोवंश के अवशेष, जमकर हंगामा, पुलिस ने किसी तरह संभाला मामला
Meerut News : मेरठ में एक बार फिर गोकशी का मामला सामने आया है। कुएं में गोवंश मिलने से लोगों में आक्रोश भड़क गया है। उधर, जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
विस्तार
मेरठ में भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव पचगांव गढ़ी निवासी युवक के ईंख के खेत के पास गहरे कुएं में शनिवार को गोवंश मिले। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और गोकशी करने वालों के खिलाफ जमकर हंगामा किया। वहीं, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एसओ भावनपुर संजय द्विवेद्वी ने लोगों को शांत कराते हुए गोवंश के अवशेष को जेसीबी की मदद से कुएं में मिट्टी भरवाकर दबवा दिया।
गांव पचगांव गढ़ी निवासी किसान शनिवार को अपने खेतों पर काम करने के गए थे। इस दौरान उनकी नजर ईंख के खेत के पास गहरे कुएं में पड़ी तो उसमें गोवंश और आसपास खून के छीटें पड़े थे। जिसकी जानकारी किसान रणवीर सिंह ने अपने गांव के अन्य लोगों को दी।
वहीं, गहरे कुएं में गोवंश के अवशेष पड़े होने की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ कुएं पर पहुंच गई। इस दौरान ग्रामीणों ने गोकशी करने वालों के खिलाफ हंगामा करते हुए पुलिस पर गोकशी करने वालों के विरुद्व कार्रवाई में लापरवाही करने का आरोप लगाया।
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि एक सप्ताह पूर्व भी उक्त खेत के पास कुएं में दो गोवंश के अवशेष पड़े मिले थे। तब भी पुलिस मौके पर पहुंची थी और गोकशी करने वालों के विरुद्व सख्त कार्रवाई का आश्वान दिया था। इसके बावजूद गोकशी करने वालों ने दोबारा एक सप्ताह बाद ही उसी खेत में गोकशी की घटना को अंजाम देते हुए गोवंश के अवशेष को कुएं में डालकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: माहौल बिगाड़ा तो होगी सख्ती: CAA को लेकर वेस्ट UP में पुलिस-खुफिया एजेंसियां अलर्ट, 2019 में हुआ था बड़ा बवाल
वहीं, सूचना मिलते ही एसओ भावनपुर संजय द्विवेद्वी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी की। पुलिस ने कुएं में जेसीबी की मदद से मिट्टी डालकर भरवा दिया। इसके साथ ही पुलिस ने ग्रामणों को समझाते हुए जल्द गोकशों के विरुद्व कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें: UP: अतीक-मुख्तार की पत्नियों के बाद अब जीवा की पत्नी पायल भी मोस्ट वांटेड, 25 हजार का इनाम घोषित