सहारनपुर में सड़क दूधली गांव में बृहस्पतिवार को डा. भीमराव अंबेडकर जयंती पर निकाली जा रही शोभायात्रा पर दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। घरों की छतों और सामने से हुए जबरदस्त पथराव में सांसद राघव लखनपाल शर्मा सहित कई लोग चोटिल हो गए। गांव में पीएसी समेत भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मौके पर पहुंचे मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसएसपी केवल मूकदर्शक बने रहे।
सहारनपुर में अंबेडकर शोभायात्रा में बवाल- सांसद घायल, कमिश्नर, डीएम के सामने पथराव, फायरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इससे गुस्साए लोगों ने मंडलायुक्त की गाड़ी, आसपास की कई दुकानों में जमकर तोड़फोड़ किया और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। शोभायात्रा के बीच में रुकने के बाद सांसद ने एसएसपी आवास पर कब्जा कर लिया। भीड़ ने पहले सड़क दूधली और फिर एसएसपी आवास के सामने जमकर उत्पात मचाया। दरअसल, सड़क दूधली में बृहस्पतिवार की सुबह डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में सांसद राघव लखनपाल शर्मा के नेतृत्व में शोभायात्रा शुरू हुई।
गांव के अंदर शोभायात्रा पहुंचते ही दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव और फायरिंग के चलते भगदड़ मच गई। पथराव में सांसद राघव लखनपाल शर्मा, उनके भाई राहुल सहित कई लोग चोटिल हो गए। दूसरे समुदाय के लोगों ने रास्ते के बीच में ट्रैक्टर लगाकर हाथों में लाठी-डंडे लेकर यात्रा के विरोध में अड़ गए। बीच में रुकी यात्रा और पथराव की खबर पर पहले डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे। तनावपूर्ण स्थिति के बीच अधिकारी मूकदर्शक बने रहे।
इसके बाद मंडलायुक्त और डीआईजी भी पहुंचे मगर नतीजा सिफर रहा और उनके सामने भी लगातार पथराव होता रहा। इससे गुस्साए एक पक्ष के लोगों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल की गाड़ी और कई दुकानों में जमकर तोड़फोड़ की गई। वहां आगजनी की भी कोशिश की गई। इस बीच एसएसपी समेत पुलिस अफसरों और भीड़ के बीच जबरदस्त नोकझोंक, धक्कामुक्की तक हुई। पुलिस प्रशासन की लापरवाही से गुस्साए सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी आवास पर कब्जा कर लिया।
एसएसपी आवास के बाहर एक बाइक को भी आग लगा दी गई। आवास के सीसीटीवी कैमरे और नेमप्लेट भी तोड़ दिए गए। देर शाम आईजी अजय आनंद भी मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। डीआईजी जेके शाही का कहना है कि बिना अनुमति के शोभायात्रा निकाली जा रही थी, जिस पर कुछ लोगों ने पथराव किया है। गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। उत्पातियों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।