एक्सक्लूसिव: 400 लोगों को भेजे गए नोटिस, अब दिल्ली-सहारनपुर हाईवे किनारे से हटेगा अतिक्रमण
- हाईवे किनारे से हटेगा अतिक्रमण, 400 लोगों को भेजे नोटिस
- दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हादसों को रोकने और जाम से निजात के लिए उठाया कदम
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के दोनों ओर से शहर के बीच में अतिक्रमण हटाने की तैयारी हो गई है। करीब चार सौ दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा दुकान के सामने हाईवे की जमीन पर किसी तरह की व्यवसायिक गतिविधि नहीं की जा सकेगी। पुलिस-प्रशासन ने नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। हादसों को रोकने और नगर को जाम से निजात दिलाने के लिए कदम उठाया गया है।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौत नगर में औद्योगिक पुलिस चौकी से दिल्ली बस स्टैंड और बावली गांव की सीमा तक अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस-प्रशासन ने ऐसी दुकानें, होटल, ढाबे और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान चिह्नित किए हैं, जिन्होंने अतिक्रमण कर रखा है। दुकान के सामने व्यवसायिक गतिविधियां की जा रही है। अतिक्रमण के कारण जाम लग जाता है और आए दिन हादसे होते हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन ने करीब चार सौ दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। पुलिस दुकानों पर पहुंचकर नोटिस रिसीव करा रही है। सीओ आलोक कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
हाईवे निर्माण में आ रही थी बाधा
हाईवे के निर्माण का कार्य लटका हुआ है। औद्योगिक पुलिस चौकी से बावली रोड तक अतिक्रमण के कारण निर्माण की रफ्तार बेहद धीमी है। ठेकेदार कंपनी को भी मुश्किलें उठानी पड़ रही है।
पांच दशक से हाईवे की जमीन पर कब्जा
सर्वे के दौरान हाईवे के दोनों ओर लगभग 400 से अधिक लोग ऐसे हैं जो 50 वर्षों से भी अधिक समय से हाईवे पर व्यवसायिक गतिविधियां कर रहे हैं। अब निर्माण में परेशानी खड़ी हो रही है।
यह भी पढ़ें: एक्सक्लूसिव: प्रशासन की बड़ी लापरवाही, सांठगांठ से लॉकडाउन के दौरान अवैध निर्माण, रेस्टोरेंट तैयार
इस तरह बन रहा हाईवे
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का निर्माण 155.125 किमी होगा। अनुमानित लागत 1505.72 करोड़ है। पहले चरण में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के मवीकलां से शामली बाईपास तक 61.409 किमी का निर्माण चल रहा है। पहले चरण के 61.409 के हिस्से की अनुमानित लागत 726.33 करोड़ है। कृष्णा कंस्ट्रशन के प्रोजेक्ट मैनेजर डीएन सिंह ने बताया कि बावली व बड़ौत के बीच कुछ अधूरा पड़ा है। जिस पर काम चल रहा है।
किशनपुर बिराल हादसे से सीखना होगा सबक
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे निर्माण के बाद किसी तरह की दुघर्टना रोकने के लिए भी यह कदम उठाए जा रहे हैं। हाईवे पर व्यावसायिक गतिविधियों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। बिराल बस स्टैंड पर हादसे से सबक सीखना होगा।
हाईवे पर औद्योगिक पुलिस चौकी, दिल्ली बस स्टैंड पर तैनात पुलिस कर्मियों के अलावा कोतवाली के एक दर्जन से अधिक पुलिस कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाईवे पर स्थित जितने भी प्रतिष्ठान है, उन्हें स्वयं जाकर नोटिस रिसीव कराएं और उनके हस्ताक्षर कराएं। - दुर्गेश मिश्रा, एसडीएम।
हाईवे के दुकानदारों और होटल व ढाबा संचालकों को भेजे गए नोटिस में साफ तौर पर लिखा है कि हम हाईवे की जमीन पर किसी प्रकार की व्यवसायिक गतिविधियां नहीं करेंगे। यदि नोटिस प्राप्ति के बाद व्यवसायिक गतिविधियां करते मिले तो एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी। - आलोक कुमार, सीओ।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/