यूपी: धमाके के साथ गिरी तीन मंजिला इमारत, 40 लाख का सामान जलकर राख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर के बोमंजी रोड पर फर्नीचर के गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। इमारत भी धमाके के साथ गिर गई। आसपास खड़े लोगों ने भागकर जान बचाई। फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत कर घंटो बाद आग पर काबू पाया। 30 से 40 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके है।
सिटी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नुमाइश कैंप निवासी अशोक सुखीजा की बोमंजी रोड पर राघव फर्नीचर्स के नाम से दुकान है। बराबर में ही उनका गोदाम है। कारोबारी ने बताया कि सोमवार की शाम कर्मचारी गोदाम बंद करके चले गए थे। मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने गोदाम से धुआं निकलने की सूचना दी। वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और किसी प्रकार दरवाजा खोला तो अंदर भीषण आग लगी थी। आसपास के लोगों ने पहले तो खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया। इसी बीच सूचना पर फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। सीएफओ तेजवीर सिंह की मौजूदगी में फायर कर्मचारी आग बुझाने में लगे थे। फायर कर्मचारी अंदर गए और बराबर की बिल्डिंग से आग बुझाने के लिए पानी डालना शुरू किया। आग विकराल रूप ले चुकी थी, जिससे गोदाम में बनी तीन मंजिला इमारत भी धमाके के साथ गिर गई, जिससे अफरातफरी मच गई। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि मलबे की चपेट में कोई नहीं आया। सीओ प्रथम इंदु सिद्धार्थ और सिटी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। सरसावा और देवबंद से भी फायर बिग्रेड़ की गाड़ियां बुलाई गई। करीब छह घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। कारोबारी ने बताया कि गोदाम में रखा करीब 30 से 40 लाख रुपये का फर्नीचर जलकर राख हो गया है।
पढ़ें : पॉली बैग फैक्ट्री में लगी भीषण आग, पांच जिलों से पहुंचीं 20 दमकल गाड़ियां
पड़ोसियों ने किए घर खाली
फर्नीचर के गोदाम में भीषण आग का असर आसपास रहने वाले लोगों के घरों में देखने को मिला। गोदाम के पीछे की तरफ मोहल्ला शाहमदार है। आग की तपिश से कई लोगों के घरों में लगे शीशे धमाके साथ टूट गए। दहशत के कारण लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए। आग पर काबू पाए जाने पर लोग अपने घर लौटे।
तंग गलियों में कैसे जाए फायर बिग्रेड
महानगर में तंग गलियों में व्यापारियों ने गोदाम बना रखे हैं। ऐसे में हादसा होने पर फायर बिग्रेड को मौके पर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बोमंजी रोड पर भी फायर बिग्रेड को तंग गलियों से जाकर ही आग बुझानी पड़ी। गाड़ी को काफी दूर रोक दिया गया, जिससे आग बुझाने में काफी समय लग गया। इसी तरह पुराने शहर के कई संकरे इलाकों में गोदाम बने हुए हैं। ऐसे में कभी हादसा हो जाए तो बड़ी घटना हो सकती है।
आग की सूचना पर फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई थी। आग बुझाने में छह गाड़ियां लगी थी। कारोबारी ने 30 से 40 लाख रुपये का नुकसान होने की जानकारी दी है, जिसकी जांच की जाएगी। तंग गली होने की वजह से आग बुझाने में थोड़ी परेशानी हुई। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हुए। -तेजवीर सिंह, सीएफओ।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/