Meerut Accident: चलते ट्रक का अचानक निकला पहिया, हेलमेट में लगकर सिपाही की मौत, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
Meerut Accident : मेरठ के लावड़ में चलते ट्रक का पहिया अचानक निकल गया, जो सामने से आ रहे बाइक सवार सिपाही के हेलमेट में जा लगा। हादसे में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद अस्पताल में उपचार के दौरान सिपाही की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में लावड़-मसूरी मार्ग पर एक रेस्टोरेंट से कुछ आगे शनिवार को मसूरी की ओर से आ रहे ट्रक का पहिया अचानक निकल गया, जो सामने से आ रहे बाइक सवार यूपी पुलिस के सिपाही से टकरा गया। हादसे में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत के चलते सिपाही को मोदीपुरम स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान सिपाही ने दम तोड़ दिया।
महल गांव निवासी ब्रह्मसिंह जाटव के तीन बेटे देवेंद्र (36), शिवकुमार व सोनी है, जबकि चार बेटियों की शादी हो चुकी हैं। देवेंद्र यूपी पुलिस में सिपाही था और उसकी तैनाती सहारनपुर के एसपीओ कार्यालय में थी। शनिवार को देवेंद्र अपनी बाइक से लावड़ पहुंचा और बैंक से स्टेटमेंट निकलवाकर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही देवेंद्र की बाइक लावड़-मसूरी मार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट से आगे पहुंची तो सामने से आ रहे एक ट्रक का पहिया निकल गया। पहिया तेजी से आकर देवेंद्र के हेलमेट से टकराया, जिस कारण बाइक दूसरी ओर जाकर गिरी।
वहीं, हादसे में देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर एकत्रित हुए राहगीरों ने देवेंद्र के परिजनों को सृूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन गंभीर हालत में देवेंद्र को मोदीपुरम स्थित अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देवेंद्र ने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने चौराहे से ट्रक व चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हेलमेट भी नहीं बचा सका देवेंद्र की जान
लावड़ से अपने गांव महल जाते समय देवेंद्र हेलमेट लगाकर जा रहा था। ट्रक से पहिया निकलने के बाद तेजी से आकर उनके मुंह पर हेलमेट से टकराया, जिस कारण हेलमेट भी टूट गया और बाइक आगे की तरफ से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक के साथ देवेंद्र दूर जाकर गिरे और घायल हो गए। हेलमेट भी देवेंद्र की जान नहीं बचा सका।
यह भी पढ़ें: पार्षदों से मारपीट मामला: सपा नेता का विवादित बयान, भाजपा के राज्यमंत्री को जिंदा जलाने की दी चेतावनी
12 साल पहले हुई थी शादी, देवेंद्र पर थी परिवार की जिम्मेदारी
देवेंद्र की 12 साल पहले एटा निवासी सरिता से शादी हुई थी। देवेंद्र के सात वर्षीय बेटी कंचन है। परिजनों के मुताबिक, देवेंद्र के पिता ब्रह्मसिंह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते है। देवेंद्र की यूपी पुलिस में सिपाही की नौकरी लगने के बाद देवेंद्र पर ही परिवार की जिम्मेदारी थी। भाई शिवकुमार व सोनी भी मजदूरी करते थे। देवेंद्र की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देवेंद्र की मौत की खबर जैसे ही पत्नी सरिता को जानकारी हुई तो उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सरिता बार-बार पति को याद कर बेहोश हो रही थी। परिजन व आस पड़ोस के लोग उसे सांत्वना दे रहे थे।
यह भी पढ़ें: किसान आत्मदाह का मामला: उपचार के दौरान जगबीर ने तोड़ा दम, अफसरों के फूले हाथ-पांव, ग्रामीणों में भारी आक्रोश