रेड लाइट एरिया प्रकरण: 15 कोठों को किया सील, पांच साल में 150 लड़कियों को कराया मुक्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में कबाड़ी बाजार के रेड लाइट एरिया में बुधवार को पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के तहत 15 कोठों को सील किया गया। ये वही कोठे हैं, जिनके खिलाफ जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को जांच रिपोर्ट सौंपी थी। सभी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार की धारा-18 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम कबाड़ी बाजार पहुंची तो हड़कंप मच गया। सिटी मजिस्ट्रेट संजय पांडेय, सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला और सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी की मौजूदगी में टीम ने कुर्की की कार्रवाई शुरू की। सभी कोठों की बारी-बारी तलाशी ली गई। जिस कोठे में जो सामान मिला, उसे कुर्क कर लिया गया। यह कार्रवाई करीब पांच घंटे चली। इस दौरान वीडियोग्राफी के बीच ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्रांतर्गत आने वाले 12 और देहलीगेट थाना क्षेत्रांतर्गत आने वाले तीन कोठों को सील किया गया।
ये कोठे किए सील
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान रेड लाइट एरिया में सुमित्रा, तारा, पिंकी, राधा, बगाना थापा, सोनिया, कुमकुम, विमला, मुस्कान, कंगना, परवीन, राधा, लता, कांता और गीता का कोठा सील किया गया। इन सभी के कोठों की जांच जिला प्रोबेशन अधिकारी ने की थी और रिपोर्ट सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी थी।
कागज दिखाने वाले को दौड़ाया
रेड लाइट एरिया में कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात था। इस बीच जब एक कोठे पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची तो वहां मिले एक व्यक्ति ने टीम को रोक लिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी वहां पहुंचे तो वह व्यक्ति कागज दिखाकर सील की कार्रवाई न करने का आग्रह करने लगा। जिस पर पुलिसकर्मियों ने उसे फटकार लगाकर दौड़ा दिया। इसके बाद वहां फिर कोई विरोध में नहीं पहुंचा।
तीन साल में 150 लड़कियां रेस्क्यू
कबाड़ी बाजार में रेड लाइट एरिया स्थित कोठे देह व्यापार को लेकर काफी वर्षों से चर्चाओं में रहे हैं। समय-समय पर यहां सामाजिक संस्थाओं को साथ लेकर पुलिस ने दबिश डालते हुए काफी लड़कियों को मुक्त भी कराया। लेकिन यह कार्रवाई बाहरी संस्थाओं की शिकायत पर की गई। करीब पांच वर्षों में यहां कई रेस्क्यू किए गए, जिनमें करीब 150 लड़कियों को मुक्त कराया गया। जबकि 116 आरोपियों को अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत गिरफ्तार भी किया गया।
बिना विरोध कार्रवाई
सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर 15 कोठे सील किए गए। इन सभी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की धारा-18 के तहत मुकदमे दर्ज थे। इनमें ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के 12 और देहलीगेट थाना क्षेत्र के तीन कोठे शामिल हैं। किसी भी तरह का विरोध नहीं हुआ। - दिनेश शुक्ला, सीओ कोतवाली
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/