मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के बरामदपुर स्थित पब्लिक महिला सहर पीजी कॉलेज में बुधवार को बीएड छात्राओं के शिक्षा सत्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी मनोज कुमार तिवारी रहे। इस दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि आधुनिक समाज के निर्माण के लिए महिलाओं का शिक्षित होना जरूरी है। महिलाओं की शिक्षा से ही सामाजिक समरसता, एकता, और और देश की मजबूती की कल्पना की जा सकती है। महिलाओं की शिक्षा से ही पीढ़ियों को शिक्षित करने में मदद मिलती है साथ ही महिलाओं के शिक्षित होने से सामाजिक, शैक्षिक और नैतिक जिम्मेदारी को मजबूत करने में मदद मिलती है। तहसीलदार राहुल गुप्ता ने कहा कि महिला शिक्षा ही शिक्षित समाज के स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। कहा कि महिलाओं की शिक्षा से ही स्वस्थ और शिक्षित समाज की परिकल्पना साकार होगी। इस दौरान उन्होंने बीएड में नव प्रवेशी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यहां मौजूद छात्राएं भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ेगी और वह समाज की तरक्की के लिए कार्य करेंगी। कार्यक्रम में प्रबंधक शेख सल्लू, प्राचार्य डॉक्टर रामशंकर तिवारी, विभागाद्यक्ष डॉक्टर एसबी सिंह, शोभा श्रीवास्तव, ममता पूर्वांचल विश्वविद्यालय रोवर्स रेंजर्स संयोजक डॉ. जगदेव व राशिद आदि मौजूद रहे।