मऊ। जिले में चार मई को आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान शुरू हुआ। मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा की अध्यक्षता में शुरू हुआ यह अभियान 18 मई तक चलेगा। अभियान के दौरान पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ श्याम नारायण दुबे ने बताया कि चार मई से 18 मई तक चलने वाले आयुष्मान पखवाड़े में पात्र परिवारों को योजना के प्रति जागरूक करते हुए आयुष्मान कार्ड कैंप तक लाने एवं अधिकतम पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाने का लक्ष्य है। इस अभियान में ऐसे परिवारों को लक्षित किया जाएगा, जिस परिवार में एक भी आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ बीके यादव ने बताया कि पखवाड़े के दौरान सभी शहरी एवं ग्रामीण प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केद्रों के अतिरिक्त अन्य सार्वजनिक स्थानों जैसे पंचायत भवन, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय, राशन डीलर की दुकान आदि पर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये कैंप का आयोजन किया जाएगा। यहां पर लक्षित लाभार्थियों की सूची चस्पा किया जाएगा और लाभार्थियों को कैंप तक लाकर उनका आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा, आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और राशन कार्ड लाना अनिवार्य होगा। जिला कार्यकम समन्वयक डॉ. पीएन दुबे ने बताया कि जनपद में आयुष्मान के 1,87,522 परिवारों में से अब तक 1,83,173 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। जिले में आयुष्मान के कार्डधारियों के लगभग सात करोड़ तैतालीस लाख रूपये का सरकार ने संबद्ध चिकित्सालयों को भुगतान कर दिये गए हैं। जिले के आठ राजकीय चिकित्सालय तथा नौ बड़े निजी चिकित्सालय आयुष्मान योजना के लिये अब तक संबद्ध हो चुके हैं।