मऊ। लॉक डाउन के तीसरे चरण में सभी प्रवासियों को उनके गृह जिले पहुंचाने के लिए मंशानुसार बृहस्पतिवार को श्रमिक एक्सप्रेस मऊ जंक्शन पहुंची। यहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित छह टीमों ने थर्मल स्क्रीनिंग के बाद श्रमिकों को घर में ही रहने के सुझाव के बाद बसों में बैठाया।
गुजरात में मऊ, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के 1200 श्रमिकों को लेकर साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन के प्लेटफार्म एक पर पहुंचते ही ट्रेन के सभी कोच के मुख्य गेट को खोलकर श्रमिक उतारे गए। पीपीई किट पहने आरपीएफ-जीआरपी के विशेष जवान श्रमिकों को सोशल डिस्टेसिंग के साथ लाइन लगवाकर मेन गेट पर लाए। जहां स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सभी की स्क्रीनिंग की। जिन्हें शाम छह बजे तक रवाना कर दिया गया। इस दौरान सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह तथा वीएन राय खुद मानीटरिंग करते दिखे। वहीं आरपीएफ प्रभारी डीके राय तथा जीआरपी प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी जवानों के साथ श्रमिकों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते रहने की अपील करते रहे।