मऊ। अलीनगर स्थित सनबीम स्कूल में स्पिक मैके के तत्वावधान में राजस्थानी लोकगीत और राजस्थान के ही लोकनृत्य ‘कालबेलिया’ का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘पधारो म्हारे देश’ की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अभिनय कुमार मिश्रा, एडीजे मऊ एवं उनकी पत्नी पुष्पा मिश्रा ने मां सरस्वती चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राजस्थान के बाड़मेर से आए खेते खान, बरकत खान, दिने खान, रोशन खान, सवाई खान, जाकिर खान, दायम खान, सुवती कालबेलिया, खाटू सपेरा एवं घेवर खान ने बेहतरीन प्रस्तुति दी। उन्होंने लोकप्रिय राजस्थानी गीत ‘पधारो म्हारे देश’ की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। कालबेलिया नृत्य ने भी लोगों को नृत्य करने पर मजबूर कर दिया। मुख्य अतिथि अभिनय कुमार मिश्रा ने कहा कि भारतीय संस्कृति की विविधता से विद्यार्थियों को परिचित कराना हमारा दायित्व है। बच्चों को भारतीय समृद्ध पुरातन सांस्कृतिक परंपरा से एकता और भाई चारे का संदेश मिलता है। प्रबंधकगण विजय अग्रवाल, कीर्ति अग्रवाल, राकेश गर्ग एवं शशि अग्रवाल, कृष्ण कुमार अग्रवाल एवं ऋतु अग्रवाल, आशीष अग्रवाल एवं शिल्पी अग्रवाल ने कलाकारों को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।