मऊ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बुधवार को विद्यालय प्रबंध समिति सदस्यों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिसमें विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान दिए जाने पर चर्चा की गई। बीएसए डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि एसएमसी के सहयोग से ही विद्यालय की आधारभूत संरचना तथा शिक्षा की गुणवत्ता दोनों को सुदृढ़ किया जा सकता है। जिस विद्यालय के एसएमसी सदस्य सक्रिय है। वह जिले के सबसे अच्छे स्कूल हैं। जिला समन्वयक अमित श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण के विभिन्न स्तरों की जानकारी दी। प्रशिक्षक प्रवीण श्रीवास्तव ने एसएमसी के गठन, उद्देश्य, कार्य एवम दायित्व, प्रभावी बैठकों का आयोजन, प्री स्कूल शिक्षा, विद्यालय विकास योजना, मध्याह्न भोजन मे सहयोग, निपुण भारत के बारे में बताया। प्रशिक्षक रामविलास भारती ने एसएमसी को सक्रिय बनाने के व्यवहारिक प्रभावशाली उपायों की जानकारी दी। प्रत्येक ब्लाक से चार-चार शिक्षकों सहित 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में अनिता यादव, सावित्री, जीवन प्रकाश गोस्वामी, शैलेंद्र पांडेय, अनिल कन्नौजिया, सुनील सहित सभी ब्लाकों के प्रतिभागी उपस्थित रहे।