मऊ। राष्ट्रीय मानसिक कार्यक्रम के तहत सोमवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरहु का पुरा पर मानसिक जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में मानसिक रोगियों की पहचान एवं उपचार हेतु परामर्श चिकित्सक डॉ. फैयाज अहमद द्वारा दिया गया। शिविर में मरीजों का इलाज करते हुए डॉ. फैयाज अहमद ने मानसिक रोगियो की पहचान के बारे में बताया कि नींद न आना, अत्यधिक नींद आना, अनायास बीच बीच में नींद का टूटना, तनाव, उलझन, बेचैनी, घबराहट, चिड़चिड़ापन एवं किसी चीज के बारे में अत्यधिक चिंतित रहना मानिकस रोग के लक्षण है। इसके अलावा जीवन के प्रति निराश रहना एवं आत्महत्या का विचार आना, आत्म विश्वास की कमी महसूस करना तथा ध्यान लगाने में परेशानी महसूस होना असहाय एवं असमर्थ महसूस करना, छोटी-छोटी बातो में अपने को दोषी ठहराना, बेवजह शक करना, बिना वजह हंसना, बड़बड़ाना मुस्कुराना, बुदबुदाना एवं इशारे कर अपने आप में बाते करना ये भी मानसिक रोग के लक्षण हो सकते है। बताया कि उचित परामर्श से इसका इलाज संभव है।शिविर में 63 लोगों की जांच की गई। इस मौके पर दुर्गा प्रताप सिंह, डॉ.जावेद अख्तर, डॉ. एमएखान, कृपा शंकर, कबीर, बाला जी, संगीता, बेबी आदि मौजूद रही।