मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा कार्यों, गौ संरक्षण केंद्रों, जिला स्वच्छता समिति, पौधरोपण तथा पर्यावरण समिति के संदर्भ में मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान कार्यों में लापरवाही पर परदहां ब्लाक के बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया। बैठक में डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक ने बताया कि जून माह के लक्ष्य के मुकाबले मनरेगा कार्यों की भौतिक प्रगति 76.81 प्रतिशत पूर्ण कर ली गई है। विकास खंड परदहा में मनरेगा कार्यों में लक्ष्य के मुकाबले कम प्रगति होने एवं कार्यों में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने नाराज होते हुए बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिए। कहा कि अमृत सरोवर योजना में लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। गौ संरक्षण केंद्रों की समीक्षा के दौरान विकासखंड दोहरीघाट में जमीन का चिह्नाुंकन नहीं होने पर नाराजगी जताई और इसे समय पर पूरा करने को कहा। चेताया कि छुट्टे पशु घूमते दिखे तो कार्रवाई तय है। जिला स्वच्छता समिति से चर्चा के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 206 लाभार्थियों को मुख्यालय स्तर पर ट्रेनिंग कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि अमृत वन योजना के तहत प्रत्येक गांव में 75 पौधे लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने गंगा नदी की सहायक नदी के किनारे बसे जनपद के 12 ग्राम पंचायतों में गंगा ग्राम समिति का गठन कराने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला वानिकी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।