मऊ में सड़क हादसाः स्कूल जाने के लिए निकली शिक्षिका के घर पहुंची ऐसी खबर, मच गई चीख-पुकार
मृत शिक्षिका रीता द्विवेदी (50) आदेडीह गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत थीं। घटना के समय वह अपने पुत्र प्रखर द्विवेदी के साथ बाइक से स्कूल जा रहीं थीं। नसोपुर गांव के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सोमवार की सुबह बेटे के साथ बाइक पर सवार हो कर स्कूल जा रही शिक्षिका सड़क हादसे की शिकार हो गई। बेकाबू ट्रैक्टर की चपेट में आने से शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई वहीं उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, इस दर्दनाक हादसे की सूचना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। घटना सरायलखंसी थाना क्षेत्र के नसोपुर गांव के पास सोमवार की सुबह करीब आठ बजे की है। मृत शिक्षिका रीता द्विवेदी (50) आदेडीह गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत थीं। घटना के समय वह अपने पुत्र प्रखर द्विवेदी के साथ बाइक से स्कूल जा रहीं थीं।
नसोपुर गांव के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिक्षिका की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा बेटा प्रखर द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सदर अस्पताल भेजा जहां से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद लोगों की भीड इकट्ठा हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। शिक्षका के पति जय नारायण द्विवेदी बीआर इंटर कालेज वलीदपुर में प्रधानाचार्य हैं। वर्तमान में माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिला अध्यक्ष हैं। घटना की खबर सुनकर सैकड़ों की संख्या में शिक्षक और संगठन के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। इधर, पीड़ित के घर में चीख-पुकार मची है।