कोपागंज। प्राथमिक विद्यालय कोपागंज प्रथम के बच्चों ने मंगलवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली। रैली को पूर्व ग्राम प्रधान बुद्विराम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल बच्चे मम्मी -पापा हमें पढ़ाओ,स्कूल चलकर नाम लिखाओ। हर बच्चे की मांगें चार-शिक्षा,सेहत,हक और प्यार। कदम क्रांति के नहीं रुकेंगे,लड़का-लड़की सभी पढ़ेंगे। मुफ्त किताबें भोजन ड्रेस,स्कूल जाने की लग गई रेस आदि प्रेरक नारों के साथ यह रैली पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर पुन: विद्यालय पहुंचकर सभा के रूप में तब्दील हो गई। सर्व शिक्षा अभियान के तहत निकली यह रैली प्राथमिक विद्यालय प्रथम से निकल कर उच्च प्राथमिक स्वास्थ केंद्र ,कोपा कोहना,रजपुरा लाडनपुर देवकली विशुनपुर खुखुंदवा स्थित बी आर सी केंद्र पहुंची।इस दौरान प्राथमिक विद्यालय प्रथम के सभी बच्चे अपने हाथों में शिक्षा संबंधी प्रेरक नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। रैली में बच्चों के साथ चल रहे अध्यापक रास्ते में जगह-जगह रुक अभिभावकों से मिलकर बच्चों को स्कूल भेजने का आग्रह कर रहे थे।इस रैली में पूर्व ग्राम प्रधान बुद्विराम व प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने अभिभावकों से मिलकर अपने बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की। ब्लॉक संसाधन केंद्र से वापस लौटकर विद्यालय पहुंचने पर हुई सभा में बुद्विराम ने कहा कि सरकार द्वारा कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को मुफ्त किताबें भोजन ड्रेस के अलावा अंग्रेजी व अन्य भाषा को निशुल्क पढ़ने की व्वयस्था की है। उन्होंने अभिभावकों का आह्वान किया कि बच्चों का दाखिला जरूर कराएं। इस अवसर पर कंचन बाला राय ,रजिया खातून,दीपमाला,सरिता,वंदना,विनीता,कालिंदी,प्रमिला के अलावा अभिभावक समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।