कार्रवाईः मऊ में मुख्तार अंसारी के करीबियों पर तगड़ी चोट, 42 लोगों के 45 शस्त्र लाइसेंस निलंबित
मऊ पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि लाइसेंसी शस्त्र धारकों के कारतूसों के सत्यापन और जांच के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबियों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को मुख्तार अंसारी के सदस्यों और करीबी 42 व्यक्तियों के 45 लाइसेंसी शस्त्रों को निलंबित कर दिया गया है। शस्त्र के निलंबन के बाद शस्त्र थाने में जमा कराए जाने की कार्यवाही की जा रही है।
मऊ पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि शहर दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के 33 शस्त्र लाइसेंस, शहर कोतवाली के नौ तथा सरायलखंसी के तीन शस्त्र लाइसेंस शामिल है। उन्होंने बताया कि लाइसेंसी शस्त्रधारकों के शस्त्र एवं क्रय किए गये कारतूसों के सत्यापन तथा जांच के लिए निर्गत शासनादेश के अनुपालन में अलग-अलग तिथियों में क्रय किए गए कारतूसों के प्रयोग के संबंध में सत्यापन किया गया।
सत्यापन के क्रम में निर्धारित प्रारूप में शस्त्रधारकों द्वारा अन्य सूचनाओं के साथ कारतूस के प्रयोग के सबंध में सूचनाए अंकित की गई। जिसमें कारतूस के प्रयोग के संबंध में अंकित किया गया कि क्रय किए गए कारतूस में से कुछ कारतूस टेस्ट फायर, हर्ष फायर आदि में प्रयोग किए गए हैं। कारतूस का खोखा जमा नहीं किया गया है। फायरिंग के समय वहीं छोड़ दिया गया। शस्त्र लाइसेंस धारकों द्वारा शासनादेश तथा शस्त्र लाइसेंस के नियम व शर्तों का उलंघन किया गया है।
गाजीपुर: मुख्तार अंसारी की पत्नी और साले की एक करोड़ 18 लाख की संपत्ति कुर्क
गाजीपुर में मंगलवार को जिला प्रशासन ने आईएस 191 गैंग के लीडर बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी और साले सरजील रजा की नगर के सैय्यदबाड़ा स्थित एक करोड़ 18 लाख के आवासीय भवन को मुनादी कराकर कुर्क किया। वहीं लखनऊ के गोमतीनगर स्थित एक करोड़ के आवासीय फ्लैट को कुर्क करने के लिए जिला पुलिस टीम लखनऊ के लिए रवाना होगी।
बता दें कि इससे पहले भी प्रशासन ने मुख्तार अंसारी के रिश्तेदारों सहित गिरोह से जुड़े लोगों पर कार्रवाई करते हुए अवैध तरीके से अर्जित भूमि को कुर्क करने के साथ आवासीय भवनों को ध्वस्त किया था। प्रदेश सरकार द्वारा शिकंजा कसे जाने से मुख्तार अंसारी के रिश्तेदारों के साथ ही उनसे जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है।