अमिला । नगर पंचायत में सार्वजनिक शौचालय के टैंक निर्माण कराने के लिए बीच सड़क में इंटरलाकिंग उखाड़ कर गढ्ढा खोदे जाने से नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार को विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि गड्ढा बनाने की जिद नहीं छोड़ी गई तो वह आंदोलन करेेंगे। बाद में पहुंचे ईओें के आश्वासन देने पर प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए। पंचायत के वार्ड नंबर सात में लगभग 24 लाख के लागत से सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। ठेकेदार नगर पंचायत की इंटरलाकिंग ईंट उखाड़ कर सड़क के बीच में सार्वजनिक शौचालय के टैंक निर्माण के लिए गढ्ढा खोदवा रहा था। मुहल्ले वालों के मना करने के बाद भी ठेकेदार नही माना। मुहल्ले वालों का आरोप था कि चेयरमैन प्रतिनिधि अजय कुमार गुप्ता से शिकायत की गई तो उनका जवाब था कि शौचालय के टैंक तो सभी के घरों में हैं। इस बात से भड़के मुहल्ले वाले शाम साढ़े चार बजे मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करने लगे। मुहल्लेवालों ने चेतावनी दिया कि यदि सडक के बीच में टैंक बनवाने की जिद नहीं छोड़ी गई तो निर्णायक आंदोलन किया जाएगा। इस बाबत ईओ जय प्रकाश यादव का कहना था कि टैंक सड़क के बीच कदापि नहीं बनेगा। इसके लिए कहीं और जगह तलाश की जाएगी। तब जाकर मुहल्लेवासियों का आक्रोश शांत हुआ। विरोध प्रदर्शन करने वालों में धनावती, कपूर चंद गुप्त, सुमन वर्मा, श्याम साहू, अखिलेश वर्मा, जयहिंद, डिम्पल, आर्शीष, राजीव, नेपाल, जयमंगल, शिल्पी, सत्यम, शिवम आदि रहे।