मऊ। हिंदी साहित्य परिषद की ओर से नगर के हिंदी भवन में रविवार को आयोजित साहित्यिक समारोह में वरिष्ठ कवि डॉ. कमलेश राय के काव्य संग्रह ‘सन्नाटा बोलता है’ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.एसएन खत्री और साहित्य अकादमी के हिंदी समिति के संयोजक प्रो. चितरंजन मिश्र रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पं. गिरजा शंकर तिवारी ने निराला जी की वंदना वर दे वीणावादिनी से किया। अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर हिंदी साहित्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. एसएन खत्री तथा मंत्री सुशील कुमार अग्रवाल ने सम्मानित किया। इसके बाद डॉ. कमलेश राय के काव्य संग्रह ‘सन्नाटा बोलता है’ का लोकार्पण हुआ। अतिथियों का स्वागत डॉ. चंद्र प्रकाश राय ने किया। लोकार्पण काव्य संग्रह की दो तीन कविताओं का पाठ डॉ. कमलेश राय ने किया । बक्सर से आए कथाकार विष्णु देव तिवारी ने कहा कि काव्य संग्रह की कविताओं में प्रेम, सौंदर्य, गांव, नगर तथा जीवन से जुड़ी तमाम सारी स्थितियों परिस्थितियों का चित्रण किया गया है। कमलेश राय समकालीन श्रेष्ठ कवि हैं। इस मौके पर डीसीएसके कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सर्वेश पांडेय, पं. श्रीधर मिश्र ने संबोधित किया।