मधुबन। ग्राम सभा दरगाह में सैयद मीरा शाह बाबा के मजार के बगल में स्थित आस्था का तालाब ‘पाताल गंगा’ अब अमृत सरोवर योजना के तहत विकसित किया जाएगा। पहले से ही यह देखने में सुंदर और हर समय पानी से लबालब है। ऐसे में इसकी सुंदरता में चार चांद लग जाएंगे। प्रधान लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि अमृत सरोवर योजना के तहत चयनित होने वाले आठ तालाबों में से दरगाह के पाताल गंगा तालाब का चयन किया गया है। योजना के तहत तालाब के चारों तरफ पक्की सीढ़ियां बनाई जाएंगी। हरे भरे पेड़ भी लगाए जाएंगे। टहलने के लिए पाथवे के निर्माण के साथ साथ जगह-जगह सीमेंटेड बेंच लगाए जाएंगे। इस तालाब को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने की योजना है। जल्द ही नए सिरे से तालाब की खोदाई शुरू होगी। मीरा शाह बाबामजार कमेटी के अध्यक्ष सैयद शबी अहमद ने कहा कि इस तालाब के प्रति हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों के बीच बड़ी आस्था है। अब यह तालाब और भी आकर्षक एवं सुंदर दिखेगा। स्थानीय नींबू लाल विश्वकर्मा, राजेश राय, अशफाक आलम, सुजीत गुप्त, अशरफ अंसारी, नजीर अंसारी, मुकेश गौड़, उपेंद्र यादव, साहिल हयात आदि ने भी तालाब के चयन पर खुशी जताई।