रानीपुर। शाहगंज-बलिया रेल मार्ग पर स्थित पलीगढ़ हाल्ट पर आज भी यात्री सुविधाओं का अभाव है। यहां न तो साफ सफाई की व्यवस्था है न ही पेयजल की। रात के समय बिजली न होने से अंधेरा रहना आम बात है। रानीपुर ब्लाक के तेंदुली, खानपुर, दौलसेपुर, बड़ागांव, काझा खुर्द सहित आसपास के अन्य गावों के लोग बलिया, आजमगढ़, मऊ की यात्रा करते हैं। हाल्ट पर प्रकाश की व्यवस्था नही होने से शाम होते ही अंधेरा पसर जाता। इतना ही नहीं परिसर की साफ सफाई के अभाव के कारण झाड़ियां निकल आई है। यात्रियों के बैठने वाले लोहे का बेंच टूटा हुआ है। शौचालय की व्यवस्था नही होने के कारण यात्री परेशान हो रहे हैं। क्षेत्र के समाजसेवी नरेंद्र तिवारी, हरेराम, अशोक, हरिकेश ने बताया कि समस्याओं के निदान के बाबत कई बार विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है लेकिन आज भी हाल्ट पर बुनियादी सुविधाओं को बहाल नही किया जा सका है।