UP News: मऊ में Mukhtar Ansari के इनामी शूटर के हौसले जमींदोज, ग्रामीणों के सामने घर पर चला बुलडोजर
माफिया मुख्तार अंसारी के शार्प शूटर और मऊ जिले के टॉप-10 बदमाश के बड़े भाई के मकान पर बुलडोजर चल गया।
विस्तार
जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के गिरोह के शूटर और इनामी बदमाश अनुज कन्नौजिया की संपत्ति पर रविवार को मऊ पुलिस- प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। तालाब की जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए मकान को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया गया। मकान में उसका बड़ा भाई विनोद कन्नौजिया रहता था।
मऊ जिले में माफिया मुख्तार के शूटर अनुज कन्नौजिया के बड़े भाई विनोद द्वारा अवैध रूप से बनाए गए अर्धनिर्मित मकान पर बुलडोजर चलने से अपराधियों में दहशत फैल गई है। प्रदेश स्तर पर चिन्हित माफिया मुख्तार अंसारी (आईएस-191) का शार्प शूटर और 50 हजार का इनामी बदमाश अनुज कन्नौजिया निवासी बहलोलपुर थाना चिरैयाकोट ने तालाब की जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाया था।
संगठित अपराध और अपराधियों के विरुद्ध पुलिस प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद तथा उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध रूप से बने मकान को ध्वस्त करा दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग प्रशासन की कार्रवाई देखने के लिए मौजूद रहे।
चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सरकारी तालाब की जमीन गाटा संख्या 223 0.1540 हेक्टेयर में से 0.0100 हेक्टेयर में अवैध रूप से बनाये गए मकान को ध्वस्त कराकर अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई काफी दिनों से तहसील में चल रहे मुकदमे को खारिज करते हुए बेदखली के आदेश पर किया गया।
अनुज कन्नौजिया का आपराधिक इतिहास काफी लंबा
मुख्तार अंसारी के शूटर अनुज कन्नौजिया का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उस पर कुल 19 मुकदमे मऊ और गाजीपुर जिले में दर्ज हैं। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों पर गौर करें तो अनुज पर मऊ जिले के कोतवाली थाने में सर्वाधिक छह मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं रानीपुर में पांच, दक्षिण टोला थाने में दो व चिरैयाकोट कोतवाली में तीन मामले दर्ज हैं। तीन मुकदमे गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाने में भी दर्ज हैं। अनुज कन्नौजिया की तलाश पुलिस कई दिनों से कर रही है। उस पर 50 हजार का इनाम भी रखा गया है।
मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े अपराधियों की सूची उपलब्ध कराएं : डीएम
मऊ डीएम अरुण कुमार की अध्यक्षता में जनपद में कानून व्यवस्था एवं गिरोह बंद माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने के संबंध में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने एएसपी को मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े अपराधियों की सूची एसडीमए और नगर मजिस्ट्रेट को कार्रवाई करने हेतु उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने एसडीएम न्यायिक घोसी को प्रत्येक तहसील के उप निबंधक कार्यालय में जाकर उक्त गैंग द्वारा क्रय गई अचल संपत्तियों का विस्तृत परीक्षण और नगर मजिस्ट्रेट को नियम विरुद्ध ढंग से पास कराए गए भवनों के नक्शों की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्तार अंसारी गैंग तथा उसके सहयोगियों के अवैध निर्माण के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे, अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट डीपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, सीओ सिटी धनंजय मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।