दुबारी। मधुबन तहसील के गजियापुर गांव के दो पुरवों में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पिछले 38 दिनों से फुंका है। शिकायतों के बाद भी आज तक विभाग ने इसे बदलवाना मुनासिब नहीं समझा। जबकि शासन से फुंके ट्रांसफार्मर को 48 घंटे में बदलने का निर्देश है। उधर विभागीय अधिकारियों की उदासीनता से ग्रामीणों में खासी नाराजगी है। ग्रामीणों ने चेेताया है कि ट्रांसफार्मर जल्दी नहीं बदला गया तो वह आंदोलन करेंगे। गजियापुर गांव के छावनी और बारी पुरवा मेें बिजली आपूर्ति के लिए बिजली विभाग ने 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया है। जहां ओवरलोड के चलते 11 अगस्त को ट्रांसफार्मर फुंक गया था। ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी, लेकिन 38 दिन बीतने के बाद भी विभाग ने इसे नहीं बदला। ऐसे में इस पुरवे के लगभग 200 परिवार अंधेरे और गर्मी के बीच रहने को मजबूर है। पुरवे के चंद्रभान यादव, रमेश राजभर, मृत्युंजय शुक्ला, रामानंद गुप्ता, किशोर यादव, जयराम गुप्ता, बाबूराम यादव, रामकेवल यादव आदि का कहना है कि फुंके ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग को लेकर वह बीते एक माह से रोजाना मोलनापुर सब केंद्र का चक्कर काट रहे है, लेकिन उन्हें टरकाया जा रहा। इस संबंध में एसडीओ मनोज कुमार शाह का कहना है ट्रांसफार्मर के फुंकने की रिपोर्ट भेज दी गई है। जल्द ही ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।