मधुबन । फतहपुर मंडाव के बीआरसी परिसर में गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह की अध्यक्षता में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में शैक्षिक गुणवत्ता स्तर परखने के लिए आठ नवंबर को लर्निंग आउटकम परीक्षा के संदर्भ में पर्यवेक्षक की बैठक की गई। बैठक को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं के विषय वार हिंदी, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान और विज्ञान की उपलब्धि स्तर जांचने के लिए आठ नवंबर को परीक्षा आयोजित है। परीक्षा को सुचितापूर्ण कराने के लिए तहसील स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और जिला स्तरीय सचल दस्तों का गठन किया गया है। इसके साथ ही पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने बताया कि लर्निंग आउटकम परीक्षा सुबह साढ़े दस बजे से साढ़े 12 बजे तक होगी। बच्चों को परीक्षा के समय ओएमआर शीट भरने में कोई परेशानी न हो, इसका पूर्वाभ्यास कराया जाए। परीक्षा में जिला स्तर से विद्यालय स्तर तक सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए जिला एवं ब्लाक स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाकर उनके प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे । खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस मौके पर राधेश्याम पाण्डेय, संजीव सिंह, जमील अहमद, अबरार अहमद, अभिनंदन, राणा बलवंत, ममता पांडेय आदि लोग उपस्थित रहे। अमिला: कस्बा स्थित बीआरसी परिसर में गुरुवार को लर्निंग आउट कम की प्रदेश स्तरीय परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी माधवेंद्र पांडेय की अध्यक्षता में पर्यवेक्षकों की बैठक हुई। बैठक में 16 प्राथमिक तथा 40 उच्च प्राथमिक तथा एक कस्तूरबा विद्यालय के पर्वेक्षक के रूप में प्रधानाध्यापक शामिल रहे। बैठक में उपस्थित पर्यवेक्षकों को डायट से प्राप्त प्रश्नपत्र का शील्ड पैकेट उपलब्ध कराया गया। इसके पश्चात परीक्षा की शुचिता एवं नकलविहीन परीक्षा बीआरसी के अंतर्गत समस्त परिषदीय विद्यालय में संपन्न कराने के लिए निर्देश दिया।