मऊ। महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को शिवालयों में शिवभक्त जलाभिषेक करेंगे। देर शाम तक श्रद्धालु शिव मंदिरों को सजाने में लगे रहे। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों से श्रद्घालुओं का जत्था गाजीपुर के लिए रवाना हुआ। जो वहां से गंगा जलभर कर सुबह पैदल ही लौटेंगे और यहां स्थित शिवमंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। सुरक्षा के मद्दे नजर प्रमुख शिव मंदिरों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। महाशिवरात्रि पर्व को धूमधाम से मनाने की चल रही तैयारी बृहस्पतिवार को पूरी कर ली गई। नगर क्षेत्र में खास तौर से शीतला माता धाम स्थित शिव मंदिर, मठिया टोला शिवाला, भीटी स्थित शिव मंदिर, कतुआपुरा स्थित शिव मंदिर, आजमगढ़ मोड़ स्थित शिव मंदिर, जिला अस्पताल स्थित शिव मंदिर, ब्रह्मस्थान, रोडवेज शिव मंदिर, सिंधी बाबा की कुटी सहित मधुबन का शिवपुर पांति, कोपागंज, लैरोदोनवार सहित विभिन्न शिव मंदिरों पर भजन कीर्तन का क्रम बृहस्पतिवार को ही शुरू हो गया। मंदिरों में बिजली सजावट कर आकर्षक ढंग से सजाया गया है। महाशिवरात्रि पर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। प्रमुख शिव मंदिरों पर देवाधिदेव महादेव का भव्य श्रृंगार फूलों द्वारा किया जाएगा। साथ ही भगवान शिव का अभिषेक दूध और गंगा जल द्वारा संपन्न कराया जाएगा। वहीं नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में भगवान शिव के विवाह की लीला का मंचन किया जाएगा। इंदारा: क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से शिवभक्तों की टोली गाजीपुर के लिए रवाना हो गई। यह शिवभक्त शुक्रवार को गंगा जल लेकर कोपागंज स्थित गौरी शंकर मंदिर पर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। मधुबन: शिवपुर पांती गांव स्थित शिवमंदिर में शुक्रवार को भारी संख्या में शिव भक्त मत्था टेकेंगे। बृहस्पतिवार को मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव के जयकारे के साथ गूंजता रहा। कुसुम्हा: क्षेत्र के भोपौैरा स्थित भूपतिनाथ शिव मंदिर, इटौरा चौबेपुर, देवलास, शाहपुर गोठा स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित प्रमुख शिव मंदिरों पर श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। साथ ही मेले का आयोजन किया गया है।