मऊ। गोवंशों के संरक्षण के लिए नगर पालिका द्वारा जल्द ही वृहद गो संरक्षण केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने 1.70 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। बृहद पशु आश्रय स्थल बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा तीन बीघा जमीन चिह्नित करने की कवायद तेज कर दी गई है।
इस पशु आश्रय केंद्र के बनने पर यहां 500 पशुओं को रखने की सुविधा होगी। वर्तमान में नगर में गायघाट में अस्थायी पशु आश्रय स्थल बना हुआ है। यहां 60 गोवंश रखने की व्यवस्था है, जहां वर्तमान में 80 गोवंश रखे गए हैं।अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बेसहारा मवेशियों के संरक्षण के लिए विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत ही नगर में वृहद गोसंरक्षण केंद्र बनाने की योजना है। वर्तमान में गायघाट स्थित आस्थाई पशु आश्रय स्थल में करीब 70 गोवंश संरक्षित हैं।लेकिन 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से करीब तीन बीघा में बृहद पशु आश्रय केंद्र बनेगा। इसमें करीब 500 पशुओं के संरक्षण की सुविधा होगी। बताया कि नगर पालिका में वृहद गोसंरक्षण केंद्र बनाने के लिए शासन के पास प्रस्ताव पूर्व में भेजा गया था। अनुमति मिलने के बाद जमीन चिंहित करने की कवायद तेज कर दी गई है।जमीन मिलने के बाद वृहद गोसंरक्षण केंद्र का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
आए दिन छुट्टा पशुओं को चपेट में आकर लोग दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। पशुओं के हमले से कई लोग अपनी जान गवा चुके हैं। जबकि कई लोग घायल भी हो चुके हैं। सड़कों के किनारे तथा बीच में झुंड बनाकर काफी संख्या में छुट्टा पशु दिखते हैं। नगर के गाजीपुर तिराहा, पातिमा अस्पताल चौराहा, ब्रह्मस्थान, भीटी चौराहा, बलिया मोड़, मिर्जापुरा सहित कई स्थानों पर सड़कों पर पशुओं को चहलकदमी देखकर लोगों में भय बना रहता है।