कोपागंज। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कोपा कोहना में रेलवे क्रासिंग के पास मंगलवार की रात दो बजे एक मकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। ऐसे में वहां रखे तीन सिलिंडर आग की जद में आते ही फट गए। धमाके से पूरा क्षेत्र दहल गया। धमाके से पड़ोसी के घर की दीवार चटक गई। ग्रामीणों के सहयोग से अग्निशमन कर्मियों ने मकान मालिक, उसकी पत्नी और दो बच्चों को बाहर निकाला। सिलिंडर फटने से फायर ब्रिगेड के एक हेड कांस्टेबल, होमगार्ड और मकान मालिक के तीन परिजन सहित पांच लोग घायल हो गए। आग से 30 लाख का नुकसान बताया जा रहा है। रेलवे क्रासिंग के पास प्रमोद बरनवाल का दो मंजिला मकान है। निचले तल में आरओ प्लांट लगा हुआ है। दूसरी मंजिल पर प्रमोद अपनी पत्नी पूजा दो बच्चों के साथ रहते हैं। रात करीब दो बजे शार्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। आग से मकान के सभी कमरों मे धुंआ भर गया। ऐसे में प्रमोद की आंख खुली तो उनके होश उड़ गए। वह पत्नी और बच्चों को लेकर छत पर चले गए। छत से फायर बिग्रेड और अपने करीबियों को आग लगने की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे फायर बिग्रेड कर्मियों ने ग्रामीणों के मदद से सभी को बाहर निकाला। इस दौरान अनमोल बरनवाल 2 वर्ष, मनोज बरनवाल उम्र 45, प्रमोद बरनवाल 36 वर्ष घायल हो गए। आग बुझाने के दौरान मकान में रखे तीन सिलिंडर लगातार फटते गए। जिससे पूरा क्षेत्र दहल गया। सिलिंडर की जद में आकर फायर ब्रिगेड के एक हेड कांस्टेबल राम करन राम और होमगार्ड कमलेश राजभर भी घायल हो गए। फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने तीन घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक मकान में रखे करीब तीस लाख के सामान जलकर राख हो चुके थे। आग लगने से कमरों के दरवाजों, खिड़कियों से लेकर बेड, कपड़े, विद्युत उपकरण, फ्रिज, कूलर एसी, पंखे, टीवी, बच्चों की किताब-कापियां और गहनों सहित सारी गृहस्थी राख हो गई। मौके पर थानाध्यक्ष हरे राम मौर्य और क्षेत्राधिकारी घोसी राजीव प्रताप सिंह पहुंचे और घटना की जानकारी ली।