जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी रिटर्निंग ऑफिसर्स, कंट्रोल रूम प्रभारी एवं कंट्रोल रूम में कार्यरत कार्मिकों, एमसीएमसी प्रभारी एवं उसमें ड्यूटी पर लगे कार्मिकों, वेबकास्टिंग व्यवस्था प्रभारी तथा जीपीएस के प्रभारी के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर लगे कार्मिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी शिकायत का तत्काल निस्तारण करें। कहा कि जब तक शिकायत का निस्तारण नहीं हो जाता एवं शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हो जाता तबतक संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए रखें। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि सभी रिटर्निंग ऑफिसर्स अपने जोनल मजिस्ट्रेट से एवं सभी जोनल मजिस्ट्रेट अपने सेक्टर मजिस्ट्रेट को यह निर्देश दें कि बूथ पर पहुंचने पर तत्काल अपने सामने सभी ईवीएम को चेक कर लें, अगर कहीं गड़बड़ी मिलती है तो उसे तत्काल ही बदल दें। जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि मतदान मतदान की समाप्ति के बाद सभी पोलिंग पार्टियां सीधे नवीन मंडी पहुंचेंगी। वहां ईवीएम रखने की व्यवस्था की गई हैं ,बीच रास्ते में कहीं भी नहीं रुकेंगी। उन्होंने जीपीएस प्रभारी को इनके लोकेशन पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अगर कहीं कोई गाड़ी खड़ी मिलती है तो उसे फोन कर उसका रुकने का कारण अवश्य पूछें। जिलाधिकारी ने वेबकास्टिंग व्यवस्था की अबतक की प्रगति की भी जानकारी उनसे संबंधित प्रभारी से ली।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित प्रभारी एवं समस्त रिटर्निंग ऑफिसर्स को कल मतदान एवं मतदान के उपरांत ईवीएम के जमा होने तक पूरी तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर हर्षिता तिवारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।